
नई दिल्ली: दुनिया में भारत का नाम रौशन करने वालीं मिस वर्ल्ड 2017 मानुषी छिल्लर का देश में जोरदार स्वागत हो रहा है। इन दिनों मानुषी कई बड़ी-बड़ी हस्तियों से मिल रही हैं। हाल ही में उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से भी मुलाकात की। जिओ के एक कार्यक्रम में मंच पर मौजूद विराट कोहली से मानुषी छिल्लर ने एक सवाल पूछ लिया, जिसका विराट कोहली ने अपने ही अंदाज में जवाब दिया।
मानुषी ने कोहली से सवाल किया कि आज आप दुनिया के सबसे बेहतर बल्लेबाजों में से एक हैं, और आप वाकई में एक प्रेरणा हैं, बहुत से यंग लोग हैं जो आपसे प्रेरणा लेना चाहते हैं, क्रिकेट में आने वाले बच्चों को आप क्या सलाह देंगे ?
इसका जवाब देते हुए विराट ने कहा कि सबसे जरूरी है समझना, वही करिए जो करना चाहते हैं। दिल से खुद को एक्सप्रेस करिए। लोगों को लगा कि आप बनावटी हैं, तो वो आपसे जुड़ नहीं पाएंगे। मैनें कभी किसी और के जैसा बनने की कोशिश नहीं की। कभी अपनी पहचान नहीं छोड़ना चाहिए। अगर आप किसी और के जैसा बनना चाहेंगे तो कभी सफल नहीं हो पाएंगे और ना ही दूसरों के लिए प्रेरणा बन पाएंगे। कड़ी मेहनत करिए और खुद पर भरोसा रखिए।