
मीराबाई चानू (फोटो- IANS)
Weightlifting Medal at Asian Games 2026: बुधवार को एशियन गेम्स 2026 के वूमेंस इवेंट के 49 किलोग्राम भार वर्ग में मीराबाई चानू ने 198 Kg वजन उठाकर इतिहास रच दिया। उन्होंने स्नैच में 87 किलो भार उठाया, तो वहीं क्लीन एंड जर्क में 111 किलो वेट उठाया। फाइनल में वह कुल 198 किलोग्राम भार उठाकर दूसरे स्थान पर रहीं। वहीं, साउथ कोरिया की री सॉन्ग गम ने कुल 215 किलोग्राम भार उठाकर वर्ल्ड रिकॉर्ड तो बनाया ही, साथ ही गोल्ड मेडल पर कब्जा कर लिया। सॉन्ग गम ने स्नैच में 94 किलो भार उठाया था, तो वहीं क्लीन एंड जर्क में 121 किलो का वेट उठाकर इतिहास रच दिया। इंडोनेशिया की लुलुक दियाना ने 191 किलोग्राम भार उठाकर कांस्य पदक पर कब्जा किया।
मीराबाई चानू के इस मेडल के साथ भारत के अब कुल 11 पदक हो गए हैं, जिसमें 1 गोल्ड, 5 सिल्वर और 5 ब्रॉन्ज मेडल शामिल हैं। भारत ने अब तक क्रिकेट में गोल्ड मेडल जीता है, तो शूटिंग और वेटलीफ्टिंग इवेंट्स में सिल्वर मेडल हासिल किया है।
टोक्यो ओलंपिक में सिल्वर मेडल जीतने वाली मीराबाई चानू ने वर्ल्ड चैंपियनशिप में एक गोल्ड और दो सिल्वर मेडल जीते हैं, तो वहीं कॉमनवेल्थ गेम्स की तीन बार की चैंपियन रही हैं। यह एशियन गेम्स में उनका पहला मेडल है। फाइनल में मीराबाई चानू ने स्नैच के पहले प्रयास में 83 किलो भार उठाया, तो वहीं दूसरे में 85 और अंतिम प्रयास में 87 किलो भार उठाया। जिसे सफल वेट उठाया जाता है, उसी की गिनती होती है। इस तरह मीराबाई चानू के 87 किलोग्राम भार को काउंट किया गया।
क्लीन एंड जर्क में पहले प्रयास में उन्होंने 107 किलोग्राम वजन उठाया और दूसरे में 111 किलोग्राम भार उठाया। हालांकि, जब उन्होंने साउथ कोरिया की वेटलिफ्टर को अपने से 10 किलोग्राम ज्यादा भार उठाने का सफल प्रयास करते हुए देखा, तो वह तीसरे अटेम्प्ट के लिए नहीं गई। वहीं, साउथ कोरिया की री सॉन्ग गम ने क्लीन एंड जर्क के पहले प्रयास में 116 और दूसरे प्रयास में 121 किलोग्राम भार उठाकर वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया।
Updated on:
23 Sept 2026 12:30 pm
Published on:
23 Sept 2026 11:43 am
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
