
श्रीगंगानगर.
मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने श्रीगंगानगर जिले के तीन दिवसीय दौरे के अंतिम दिन मिनी सचिवालय के शिलान्यास सहित कई विकास कार्यों का लोकार्पण किया।
पुरानी शुगर मिल की पच्चीस बीघा भूमि पर बनने वाले मिनी सचिवालय का शिलान्यास करने के बाद हुई जनसभा में उन्होंने कहा कि प्रदेश में जिस गति से विकास हुआ है, वह अपने आप में रिकार्ड और उसकी पिछली सरकार के कार्यों से तुलना नहीं हो सकती। अपने संक्षिप्त भाषण में मुख्यमंत्री ने जिले में हुए कई विकास कार्यों का उल्लेख किया। कई प्रस्तावित कार्यों को जल्द पूरा करने के लिए उन्होंने अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी।
ऐसा करते समय उन्होंने कहा कि हम घोषणाओं पर नहीं काम में विश्वास करते हैं।मिनी सचिवालय का शिलान्यास करने से पूर्व मुख्यमंत्री ने अन्नपूर्णा रसोई का शुभारम्भ किया। उन्होंने वहां मौजूद लोगों को भोजन परोसा और बाद में उसकी गुणवत्ता के बारे में बातचीत की। अन्नपूर्णा रसोई से जुड़ी छह मोबाइल वैन शहर के अलग-अलग स्थानों पर जरूरतमंदों को नाश्ता और भोजन उपलब्ध करवाएगी। नाश्ते की दर पांच रुपए तथा भोजन की दर आठ रुपए प्रति व्यक्ति निर्धारित की गई है।
मुख्यमंत्री ने जिन विकास कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया उनके शिलापट्ट जनसभा के लिए बनाए गए मंच के पास ही रखे गए थे। मुख्यमंत्री ने मंच से ही बटन दबाकर विकास कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इन सभी बारह कार्यों की लागत 860 करोड़ रुपए बताई गई। जनसभा के बाद मुख्यमंत्री सादुलशहर विधानसभा क्षेत्र के गांव लालगढ़ जाटान के लिए रवाना हो गई।