
विदिशा@भूपेन्द्र मालवीय की रिपोर्ट...
जीआरपी पुलिस ने बीती रात जीटी एक्सप्रेस से उतरे दो युवकों को पकड़ा। इनके बैग से मिले पैकेटों में 50 किलो गांजा बरामद हुआ है। जब्त गांजे की कीमत करीब तीन लाख रुपए बताई गई है।
पुलिस ने बताया कि मुखबिर से सूचना मिली थी कि रात में दो युवक जीटी एक्सप्रेस से विदिशा में मादक पदार्थ अवैध रूप से बेंचने लाए हैं। इस पर पुलिस अधिकारियों ने इन युवकों की तलाश शुरू की। प्लेटफार्म क्रमांक-1 पर मालगोदाम के पास दो युवक चार बैगों के साथ मिले।
बैग की तलाशी में इन बैगों के अंदर एक-एक किलो के 50 पैकेट मिले। पुलिस ने इन युवकों को गिरफ्तार किया। यह युवक उड़ीसा के मोहना थानांतर्गत रायसिग निवासी करीब 25 वर्षीय मोहन नायक एवं करीब 24 वर्षीय उपेंद्र नायक है।
कार्रवाई में थाना प्रभारी एडी कनारे, एएसआई एसके अहिरवार, अन्नीवाल, प्रधान आरक्षक देवेंद्रसिंह, आनंद मोहन, रामायण, रामनरेश, आरक्षक गजानन, रिषी दांगी की प्रमुख भूमिका रही और वरिष्ठ अधिकारियों का मार्गदर्शन रहा।
एक बार माल पहुंचाने पर मिलते थे प्रति व्यक्ति 12 हजार
जीआरपी थाने में एएसपी नीतूङ्क्षसह डाबर ने पत्रकारों से चर्चा में बताया पकड़े गए युवकों के मुताबिक आंध्रप्रदेश से यह माल आता है और उड़ीसा से यह युवक ट्रेन में बैठते हैं और दिल्ली में माल पहुंचाते हैं। इन्हें एक बार माल पहुंचाने का प्रति व्यक्ति 12 हजार रुपए मिलते हैं।
इन युवकों ने अक्टूबर 2017 से यह काम करना बताया है और अब तक पांच बार दिल्ली माल पहुंचा चुके और छठवीं बार में यह यहां पकड़े गए हैं। उन्होंने बताया कि इनसे पूछताछ की जा रही है। इनका जो भी नेटवर्क है वहां तक पहुंचने का हम पूरा प्रयास करेंगे।
मां की बीमारी व गरीबी ने उतारा इस लाइन में
इधर आरोपी युवक उपेंद्र नायक ने बताया कि गरीब परिवार से हूं। घर में मां बीमार रहती थी। उसके इलाज के लिए पैसों की जरूरत थी। एक दोस्त जिसे वह पहचानता नहीं था उसने इस लाइन फंसा दिया। कहा था अधिक पैसे मिलेंगे बैग लेकर जाओ हमारा आदमी पहचान लेगा वह बैग उतार लेगा। अधिक पैसों के कारण यह काम करने लगा। आरोपी उपेंद्र एवं मोहन नायक 10वीं व 11वीं तक शिक्षित हैं।
Published on:
23 Apr 2018, 11:03 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.