
Vidisha Staff attempts to link foot pipeline.
विदिशा. बीती रात करीब 11 बजे फिल्टर प्लांट पर जल प्रदाय की मुख्य पाइप लाइन फूट जाने के कारण गुरुवार को शहर में सुबह से लेकर रात तक जल प्रदाय नहीं हो सका। जिससे नागरिक पानी के लिए परेशान होते नजर आए। वहीं फूटी पाइप लाइन को कर्मचारी करीब 19 घंटे बाद शाम छह बजे तक जोड़कर ठीक कर पाए।
फिल्टर प्लांट परिसर में ही जल प्रदाय की मुख्य पाइप लाइन में रात 11 बजे फाल्ट आने पर रात से ही नगर की पानी की टंकियों का भराना बंद हो गया था। ऐसे में गुरुवार की सुबह से ही बक्सरिया, चौपड़ा, किलेअंदर, ब्लॉक कॉलोनी, रीटाफाटक, वैशालीनगर, सुभाषनगर, मास्टर कॉलोनी सहित शहर में कहीं भी जल प्रदाय नहीं हुआ। न तो पुरानी पाइप लाइन में पानी आया और न ही नई पाइप लाइन से।
नल नहीं आने पर सुबह से ही लोग पानी के लिए परेशान हुए। कुछ देर तो नल आने का इंतजार किया, लेकिन तय समय के एक-दो घंटे बाद भी नल नहीं आए, तो लोगों की भीड़ आसपास के हैंडपंपों पर लगी।
नहीं भरा पाई पानी की एक भी टंकी....
पाइप लाइन फाल्ट के कारण रात से लेकर गुरुवार की शाम तक शहर की एक भी पानी की टंकी नहीं भरा पाई। जिसके चलते रात तक कहीं भी जल प्रदाय नहीं हो सका।
आज होगा जल प्रदाय....
नगर पालिका से मिली जानकारी के अनुसार शाम को पाइप लाइन के फाल्ट को सुधार दिया गया। इसके बाद पानी की टंकियों को भरने का कार्य शुरु हुआ। शुक्रवार की सुबह तक शहर की सभी पानी की टंकियां भरा जाएंगी और सुबह से ही शहर में जल प्रदाय शुरु हो जाएगा।
शाम तक आया सिर्फ तीन इंच पानी....
सोमवार को हलाली डेम से पानी आना था, लेकिन गुरुवार की सुबह से यह पानी आना शुरु हो सका। कालीदास बांध में शाम तक करीब तीन इंच पानी आया। कर्मचारियों के मुताबिक धीरे-धीरे पानी आ रहा है एक-दो दिन में बांध फुल हो जाएगा।
सर्दियों में पानी की किल्लत....
बारिश खत्म होने के बाद अभी सर्दी का मौसम शुरु ही हुआ है और इस बार पानी की किल्लत अभी से होने लगी है। कालीदास बांध का पानी लगभग खत्म होने को था। नपा कर्मचारियों के अनुसार ऐसे में यदि एक-दो दिन और हलाली डेम से पानी नहीं आता, तो शहर में जल प्रदाय करने की दिक्कत हो जाती और पानी के लिए हाहाकार मच जाता। लोगों का कहना है कि अभी पानी कि इतनी दिक्कत हो रही है, तो गर्मियों में क्या होगा।
-इनका कहना है...
-बीती रात करीब 11 बजे फिल्टर प्लांट पर पाइपलाइन में फाल्ट आ जाने के कारण शहर की टंकियां नहीं भरा पाने के कारण गुरुवार को कहीं भी जल प्रदाय नहीं हो सका। लेकिन गुरुवार की शाम को पाइप लाइन सुधार ली गई थी। इसलिए शुक्रवार की सुबह से विधिवत जल प्रदाय शुरु होगा।
- सतेंद्र धाकरे, सीएमओ, विदिशा
Updated on:
02 Nov 2018 11:02 am
Published on:
02 Nov 2018 11:02 am
