
पाकिस्तानी सेना (Photo - ANI)
पाकिस्तान (Pakistan) में आतंकवाद (Terrorism) बढ़ता जा रहा है। आतंकवाद से सबसे ज़्यादा प्रभावित प्रांतों में बलूचिस्तान (Balochistan) भी शामिल है, जहाँ पाकिस्तानी सेना समय-समय पर सैन्य अभियान चलाकर आतंकियों का खात्मा करती है। प्रांतीय पुलिस भी आतंकियों के खिलाफ कार्रवाई करने से पीछे नहीं हटती। अब पाकिस्तानी सुरक्षाबलों ने एक बार फिर बलूचिस्तान में आतंकियों का एनकाउंटर किया है।
पाकिस्तानी सुरक्षा अधिकारियों ने आज जानकारी दी कि बलूचिस्तान प्रांत में सुरक्षाबलों के अलग-अलग अभियानों में 16 आतंकी मारे गए। पाकिस्तानी सेना की मीडिया शाखा इंटर-सर्विसेज़ पब्लिक रिलेशंस - आईएसपीआर (Inter-Services Public Relations - ISPR) ने भी बयान जारी करते हुए इसकी पुष्टि की। सुरक्षा अधिकारियों के अनुसार बलूचिस्तान के मस्तुंग जिले में सेना की एक चेकपोस्ट पर हमला करने की कोशिश के बाद 9 आतंकी मारे गए। सेना और आतंकियों में गोलीबारी हुई, जिसके दौरान एक सैनिक घायल भी हुआ, लेकिन सेना को 9 आतंकियों को मार गिराने में कामयाबी मिली।
स्थानीय पुलिस अधिकारियों के अनुसार बलूचिस्तान पुलिस ने क्वेटा के बाहरी इलाके में स्थित अघबर्ग में एक पुलिस स्टेशन पर हमला करने की कोशिश करने वाले 5 आतंकियों को मुठभेड़ में मार गिराया।
वहीँ तुर्बत में खुफिया जानकारी के आधार पर सेना ने एक सैन्य अभियान चलाया। इस दौरान उन्होंने 2 आतंकियों को ढेर कर दिया। आतंकियों ने भी जवाबी गोलीबारी की, लेकिन सेना के आगे उनकी एक न चली।
मस्तुंग जिले में सेना की एक चेकपोस्ट पर हमला करने की आतंकियों की कोशिश को नाकाम करने और उन्हें मार गिराने के बाद सेना ने उनके पास से हथियार, गोला-बारूद और मोटरसाइकिलें बरामद की। आतंकियों के पास से भारी मात्रा में हथियार और गोला-बारूद मिले।
पाकिस्तान में आतंकवाद की वजह से हालात काफी बिगड़ चुके हैं। बलूचिस्तान में पाकिस्तानी सरकार और सेना के खिलाफ पहले से ही जनता में विरोध है, जो सेना के अत्याचार से परेशान हैं और सरकार भी इस बारे में कोई कदम नहीं उठाती। कई बलूच नेता और अलगाववादी संगठन पाकिस्तान से आज़ादी चाहते हैं। इन सबके बीच बलूचिस्तान में कुछ आतंकी संगठन भी सक्रिय हैं, जो अक्सर ही सुरक्षाबलों पर हमले करते हैं। ऐसे में पाकिस्तानी सरकार और सेना ने साफ कर दिया है कि देश से आतंकवाद और आतंकियों को खत्म करने के लिए कार्रवाई जारी रहेगी और इसमें बलूचिस्तान भी शामिल है।
Updated on:
23 Sept 2026 07:48 pm
Published on:
23 Sept 2026 07:34 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
