
बांग्लादेश चुनाव को लेकर भारत ने दी प्रतिक्रिया (Photo-IANS)
Bangladesh Election Results: बांग्लादेश में आम चुनावों के बाद वोटों की गिनती जारी है। अभी तक आए नतीजों में बीएनपी ने बहुमत का आंकड़ा पार कर लिया है और तारिक रहमान का अगला पीएम बनने की संभावना जताई जा रही है। इसी बीच भारत की ओर से प्रतिक्रिया भी सामने आई है। भारत ने कहा कि वह पड़ोसी देश में जारी चुनाव प्रक्रिया के नतीजों और जनादेश का इंतजार करेगा, उसके बाद ही आगे के मुद्दों पर रुख तय किया जाएगा।
विदेश मंत्रालय (MEA) के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा, “हम बांग्लादेश में स्वतंत्र, निष्पक्ष, समावेशी और विश्वसनीय चुनाव के पक्षधर हैं। चुनाव का परिणाम आने दीजिए, उसके बाद जो भी मुद्दे होंगे, उन पर हम विचार करेंगे।”
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान जब प्रवक्ता से BNP और जमात-ए-इस्लामी के घोषणापत्र में “मजबूत रक्षा योजनाओं” के जिक्र को लेकर सवाल पूछा गया, तो उन्होंने कहा कि चुनाव परिणाम आने के बाद ही जनादेश के आधार पर आगे की स्थिति का आकलन किया जाएगा।
प्रवक्ता ने बताया कि भारत को चुनाव पर्यवेक्षक भेजने का निमंत्रण मिला था, लेकिन नई दिल्ली ने अपने पर्यवेक्षक नहीं भेजे।
वहीं छात्र-नेतृत्व वाले विद्रोह से उभरी और जमात के नेतृत्व वाले गठबंधन की सहयोगी नेशनल सिटीजन पार्टी (एनसीपी) ने छह निर्वाचन क्षेत्रों में जीत हासिल की है। पार्टी की चुनाव संचालन समिति के प्रमुख आसिफ महमूद शोजीब भुइयां ने अपने आधिकारिक सत्यापित फेसबुक पेज पर एक पोस्ट में कहा कि एनसीपी ने संसदीय चुनावों में छह सीटें हासिल की हैं।
बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (बीएनपी) ने संसदीय चुनावों में बहुमत हासिल करने का दावा किया है और वह अगली सरकार बनाने के लिए तैयार है। अपने प्रदर्शन का जश्न मनाते हुए सोशल मीडिया पर साझा किए गए एक पोस्ट में, पार्टी ने कहा कि वह कमान संभालने की तैयारी कर रही है। बांग्लादेश राष्ट्रवादी पार्टी (बीएनपी) के मीडिया सेल ने कहा, "बांग्लादेश राष्ट्रवादी पार्टी बहुमत सीटें जीतकर सरकार बनाने के लिए तैयार है।"
Updated on:
13 Feb 2026, 7:19 AM IST
Published on:
13 Feb 2026, 7:19 AM IST
बड़ी खबरें
View Allविदेश
ट्रेंडिंग
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.