
दुबई से तेलअवीव जा रही फ्लाइट डायवर्ट, सऊदी अरब में हुआ लैंड (फोटो सोर्स- IANS)
Dubai Tel Aviv Flight: दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई की एक यात्री फ्लाइट ने बुधवार को सऊदी अरब के ऊपर उड़ान भरते समय पहले इमरजेंसी कोड 7700 और कुछ देर बाद 7500 स्क्वॉक कोड प्रसारित किया। 7500 कोड का इस्तेमाल आमतौर पर विमान के हाईजैक या गैरकानूनी हस्तक्षेप की स्थिति में किया जाता है। इसके बाद विमान ने अपना रास्ता बदलना शुरू कर दिया, जिससे फ्लाइट को लेकर हाईजैक की आशंका पैदा हो गई।
फ्लाईदुबई का यह विमान 180 यात्रियों को लेकर तेल अवीव की तरफ बढ़ रहा था, जिनमें 100 से ज्यादा नागरिक इजराइल के बताए जा रहे हैं। सऊदी अरब के हवाई क्षेत्र के ऊपर से गुजरते वक्त अचानक विमान के ट्रैकिंग डेटा में अनहोनी के संकेत दिखे। सबसे पहले फ्लाइट से '7700 स्क्वॉक कोड' भेजा गया। यह कोड किसी गंभीर इमरजेंसी या तकनीकी खराबी का संकेत देता है। लेकिन स्थिति तब और ज्यादा तनावपूर्ण हो गई, जब कुछ ही पलों बाद विमान से '7500 कोड' का सिग्नल मिलने लगा। अंतरराष्ट्रीय एविएशन नियमों के तहत इस कोड का इस्तेमाल विमान हाईजैक होने या अंदर किसी गैर-कानूनी गतिविधि की आशंका के वक्त ही किया जाता है।
हाईजैकिंग की आशंका देखते ही इजराइल की सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गई। संभावित बड़े खतरे को देखते हुए इजराइली वायुसेना ने तत्काल प्रभाव से अपने लड़ाकू विमानों (फाइटर जेट्स) को हवा में रवाना कर दिया और पूरे क्षेत्र में हाई अलर्ट घोषित कर दिया।
इधर घटना की गंभीरता को देखते हुए इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने शीर्ष रक्षा अधिकारियों के साथ आपातकालीन समीक्षा बैठक बुलाई। सेना का कहना है कि आईडीएफ चीफ ऑफ स्टाफ लेफ्टिनेंट जनरल एयाल जमीर ने इस घटना पर वरिष्ठ अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की।
तमाम दावों और आशंकाओं के बीच विमान को सऊदी अरब के नजदीकी एयरपोर्ट पर लैंड करा लिया गया। हालांकि, इजराइली सरकार के आधिकारिक सूत्रों का कहना है कि यह कोई हाईजैकिंग की घटना नहीं है। अब सऊदी अरब में प्लेन की जांच की जा रही है।
यात्रियों के सामान (कार्गो होल्ड) की तलाशी ली जा रही है। प्लेन के पायलट और क्रू मेंबर्स से पूछताछ की जा रही है। अधिकारी यह पता लगा रहे हैं कि यह सिग्नल किसी खराबी की वजह से गया था या कोई और वजह थी। पूछताछ और जांच पूरी होने के बाद ही साफ हो पाएगा कि हवा में असल में क्या हुआ था।
Updated on:
30 Sept 2026 01:15 pm
Published on:
30 Sept 2026 12:40 pm
बड़ी खबरें
View Allविदेश
ट्रेंडिंग
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
