
फ्लावियो बोल्सोनारो (फोटो- X @smitaprakash)
ब्राजील के दक्षिणपंथी नेता फ्लावियो बोल्सोनारो ने राष्ट्रपति चुनाव में मौजूदा राष्ट्रपति लुइज इनासियो लूला दा सिल्वा से चुनाव हारने के बाद बड़ा कदम उठाया है। वह अपने परिवार सहित अमेरिका चले गए हैं। रॉयटर्स ने मंगलवार देर रात सूत्रों के हवाले से रिपोर्ट किया कि अमेरिकी विदेश विभाग उन्हें और उनके परिवार को प्रवेश वीजा जारी करने वाला है।
बोल्सोनारो ने ऐसे समय में ब्राजील छोड़ा है, जब वहां की सुप्रीम कोर्ट ने उन्हें 24 घंटे के भीतर अपना पासपोर्ट प्रशासन को सौंपने के निर्देश दिए थे। सुप्रीम कोर्ट ने मनी लॉन्ड्रिंग की जांच के सिलसिले में पासपोर्ट जब्त करने का आदेश दिया था। रॉयटर्स ने अपनी रिपोर्ट में बताया है कि ब्राजील की सरकार ने समय-सीमा खत्म होने के बाद उनके पासपोर्ट रद्द कर दिया था।
हालांकि, बोल्सोनारो, उनकी पत्नी और बच्चियां कहां हैं। इसे लेकर कोई भी स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है। परिवार के करीबी एक सूत्र ने रॉयटर्स को बताया कि वे फ्लोरिडा पहुंच चुके हैं, हालांकि उन्होंने सटीक जगह बताने से इनकार कर दिया। बीबीसी की रिपोर्ट के अनुसार वे मियामी में हैं। अमेरिकी विदेश विभाग के एक वरिष्ठ अधिकारी ने रॉयटर्स से कहा कि विदेश विभाग फ्लावियो बोल्सोनारो और उनके परिवार को वीजा जारी करेगा और उन्हें अमेरिका में प्रवेश की अनुमति देगा। उनके इस कदम से वॉशिंगटन और ब्रासीलिया के बीच तनाव और गहरा सकता है। लूला आरोप लगा चुके हैं कि अमेरिका बोल्सोनारो परिवार के साथ मिलकर उन्हें दोबारा सत्ता में लाने की साजिश कर रहा है।
उधर,अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दावा किया है कि ब्राजील के पूर्व राष्ट्रपति और फ्लावियो के पिता जायर बोल्सोनारो न्यायिक उत्पीड़न का निशाना बने हैं। ट्रंप ने सोमवार को यह भी कहा कि ब्राजील का चुनाव एक और धांधली वाले चुनाव जैसा लगा। ब्रासीलिया में बोलते हुए लूला ने कहा कि उन्हें अभी-अभी फ्लावियो के देश छोड़ने की जानकारी मिली है और उन्होंने इसे शर्मनाक बताया। उनके अनुसार, सीनेटर को अपनी बेगुनाही साबित करने के लिए ब्राज़ील में ही रहना चाहिए था।
फ्लावियो बोल्सोनारो ने अब तक औपचारिक रूप से हार स्वीकार नहीं की है। रविवार को उन्होंने कहा था कि वे कथित मतदाता अनियमितताओं के आधार पर चुनाव परिणाम को रद्द कराने की कोशिश करेंगे, हालांकि उनकी लिबरल पार्टी ने सोमवार को लूला की जीत को स्वीकार कर लिया। ब्राजील की पुलिस ने कहा कि बोल्सोनारो किसी भी वैध कस्टम बॉर्डर से देश पार करके बाहर नहीं गए हैं।
Updated on:
28 Oct 2026, 7:27 AM IST
Published on:
28 Oct 2026, 7:00 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.