
लखनऊ. उत्तर प्रदेश सरकार के कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने बुधवार को अपने विभाग से जुडी छह माह की उपलब्धियां बताई। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने अब तक 33 लाख 20 हजार किसानों का 20 हजार करोड़ रुपए से ज्यादा का कर्ज माफ किया। उन्होंने कहा कि मात्र 6 महीने के कम समय में इतनी बड़ी संख्या में किसानों को राहत पहुंचाने का काम देश में और किसी प्रदेश में अब तक देखने को नहीं मिला है।
कृषि मंत्री ने बुधवार को प्रेस कांफ्रेंस में बताया कि प्रमाणित बीजों के वितरण का समय कम कर दिया गया है। अब 3 साल की बजाय 2 साल में वितरण किया जाएगा। मंत्री ने कहा कि हस्तचलित यंत्रों के अनुदान की समय सीमा सरकार ने कम कर दी है। पूर्व में पांच साल बाद किसान अनुदान ले सकते थे, अब ये अवधि कम कर कर 3 साल कर दी गई है। मंत्री ने बताया कि प्रदेश सरकार की ओर से किसानों को कृषि यंत्रों के लिए 197.52 करोड़ रुपये का अनुदान दिया जाएगा। प्रदेश भर में किसानों के लिए 10 हजार सोलर पंप पर भी सब्सिडी की व्यवस्था की गई है।
मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने कहा कि पहली बार प्रदेश में सरकार 10 हजार सोलर पंप लगाने जा रहे हैं जिससे बिजली की समस्या वाले क्षेत्रों में भी किसानों को सिंचाई की व्यवस्था मिल सके। मंत्री ने कहा कि 2 और 3 हार्सपावर के सोलर पम्पों पर सरकार 60 फीसदी की सब्सिडी दे रही है, जबकि 5 हॉसपावर के सोलर पंप पर 40 फीसदी की सब्सिडी दी जा रही है। मंत्री ने कहा कि जैविक खाद को प्रोत्साहित करने के लिए प्रदेश में 97 हजार यूनिट लगाए जायेंगे। एक यूनिट 8 हजार रुपए की लागत से लगेगी, जिसमें से 6 हजार रुपए सरकार सब्सिडी के रूप में देगी। हर राजस्व ग्राम में यह यूनिट लगाई जाएगी।
Updated on:
25 Oct 2017 08:45 pm
Published on:
25 Oct 2017 08:44 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
