11 अक्टूबर 2026,

रविवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

‘हवाई अड्डे के बदले हवाई अड्डा’: सऊदी एयरपोर्ट्स पर हूतियों की नई धमकी, रियाद हमले के एक दिन बाद चेतावनी

Houthi warning: यमन के हूतियों ने एयरलाइंस और यात्रियों को सऊदी हवाई अड्डों व हवाई क्षेत्र का इस्तेमाल न करने की चेतावनी दोहराई। रियाद एयरपोर्ट हमले में 12 लोगों की मौत हुई थी।
2 min read
Google source verification
Riyadh airport attack

सऊदी एयरपोर्ट्स पर हूतियों की नई धमकी, रियाद हमले के एक दिन बाद चेतावनी, Photo Source@IANS

Middle East Tension: सीमा-पार तनाव बढ़ने के बीच यमन के हूती समूह ने रविवार को एयरलाइंस, विमानन कर्मचारियों और यात्रियों को सऊदी अरब के हवाई अड्डों और हवाई क्षेत्र का इस्तेमाल न करने की चेतावनी दोहराई।
हूती सैन्य प्रवक्ता याह्या सरी ने 'X' पर पोस्ट किए गए बयान में कहा कि मक्का और मदीना के पवित्र इस्लामी शहरों के हवाई अड्डों को छोड़कर, सऊदी हवाई अड्डे और हवाई क्षेत्र निशाने पर हैं। उन्होंने कहा कि ये समूह की सेनाओं के लिए ऑपरेशन का इलाका हैं।

सरी ने एयरलाइंस, विमानन कर्मचारियों और यात्रियों से इन चेतावनियों को गंभीरता से लेने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि जब तक समूह अपने लक्ष्य हासिल नहीं कर लेता, तब तक हूती हवाई अड्डे के बदले हवाई अड्डा, नाकेबंदी के बदले नाकेबंदी और तनाव के बदले तनाव के अपने घोषित फॉर्मूले पर कायम रहेंगे।

संयुक्त राष्ट्र दूत ने की निंदा

इससे पहले, यमन के लिए संयुक्त राष्ट्र के विशेष दूत हैंस ग्रंडबर्ग ने रविवार को सऊदी अरब में नागरिक बुनियादी ढांचे पर हूतियों के लगातार हमलों की निंदा की। उन्होंने चेतावनी दी कि तनाव बढ़ने से क्षेत्रीय सुरक्षा को खतरा है और यमन में शांति प्रयासों में और जटिलता आ रही है।

उन्होंने कहा, ये हमले तनाव में भारी वृद्धि को दर्शाते हैं। उन्होंने आगे कहा कि ऐसी हरकतें क्षेत्रीय सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा पैदा करती हैं, हिंसा के चक्र को बनाए रखती हैं और यमन के लिए शांति प्रयासों को और अधिक जटिल बनाती हैं।

ग्रंडबर्ग ने हूतियों से हमले रोकने की अपनी अपील दोहराई और अंतरराष्ट्रीय मानवीय कानून का सम्मान करने की आवश्यकता पर जोर दिया, जिसमें नागरिकों और नागरिक ठिकानों पर हमले करने पर रोक शामिल है।

किंग खालिद एयरपोर्ट पर हमले में 12 की मौत

शिन्हुआ समाचार एजेंसी की रिपोर्ट के अनुसार, सऊदी जनरल अथॉरिटी ऑफ सिविल एविएशन ने बताया कि सऊदी राजधानी रियाद में किंग खालिद इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर हुए हमले में 12 लोगों की मौत हो गई और 309 अन्य घायल हुए। यह नई चेतावनी इस घटना के एक दिन बाद जारी की गई। हाल के दिनों में तनाव काफी बढ़ गया है और इस दौरान हवाई अड्डे को बार-बार निशाना बनाया गया है।

हूतियों ने सऊदी अरब के अंदर ठिकानों पर मिसाइल और ड्रोन हमले तेज कर दिए हैं, जबकि सऊदी-नेतृत्व वाले गठबंधन ने यमन में हूती-नियंत्रित इलाकों पर हवाई हमले तेज कर दिए हैं। इस बीच, दक्षिण-पश्चिमी यमन में लड़ाई तेज हो गई है, खासकर रणनीतिक बाब अल-मंदेब जलडमरूमध्य के पास। यहां सऊदी-नेतृत्व वाले गठबंधन समर्थित यमनी सरकारी सेनाएं हूति सेनाओं से लड़ रही हैं।