
इज़रायल की एयरस्ट्राइक (Photo - Washington Post)
आतंकी संगठन हमास (Hamas) को खत्म करने के लिए गाज़ा (Gaza) और आसपास के इलाकों में इज़रायल (Israel) की सैन्य कार्रवाई जारी है। इज़रायली सेना अब तक बड़ी संख्या में हमास आतंकियों को मार चुकी है, लेकिन अभी भी बचे हुए आतंकियों को मार गिराने के लिए गाज़ा में हमले जारी हैं। अब इज़रायली सेना को हमास के खिलाफ युद्ध में फिर से कामयाबी मिली है।
इज़रायली सेना ने हमास के दो आतंकियों को मार गिराया है। दोनों ने गाज़ा शहर में इज़रायली हवाई हमले में अपनी जान गंवा दी। इज़रायली सेना ने जानकारी दी कि मारे गए हमास आतंकियों के नाम हसन महमूद सियाम (Hassan Mahmoud Siam) और अधम सबी सलीम ज़ियारा (Adham Sabhi Salim Ziara) हैं। सियाम हमास की मिलिट्री विंग का कमांडर था और ज़ियारा हमास की मिलिट्री विंग का ही एक सदस्य था।
मारे गए दोनों आतंकी सक्रिय रूप से आतंकी गतिविधियों में शामिल थे। सियाम 7 अक्टूबर के नरसंहार के दौरान इज़रायल में घुस आया था और गाज़ा में बंधक बनाए गए अमित सुसाना, कीथ और अवीवा सीगल और डफ़ना एलियाकिम को बंधक बनाकर रखने में शामिल था। हाल ही में इन आतंक़ियों ने इज़रायली नागरिकों और इज़रायल के सैनिकों पर हमले किए। इतना ही नहीं, दोनों ने युद्धविराम का व्यवस्थित रूप से उल्लंघन करते हुए हमास की क्षमताओं को फिर से बहाल करने की भी कोशिश की। इसके अलावा ये दोनों आतंकी इज़रायली सैनिकों पर गोलीबारी करने और 'येलो लाइन' इलाके में विस्फोटक उपकरण लगाने में भी शामिल थे। इन दोनों से पैदा होने वाले खतरे को खत्म करने के लिए ही इज़रायली सेना ने उन्हें मार गिराया।
7 अक्टूबर 2023 को हमास द्वारा इज़रायल पर किए गए घातक हमले के बाद इजरायली सेना ने गाज़ा में सैन्य अभियान शुरू किया। इसका प्रमुख लक्ष्य हमास का पूर्ण निरस्त्रीकरण है। इज़रायल का मानना है कि हमास की सैन्य क्षमता को खत्म किए बिना उनके देश की सुरक्षा सुनिश्चित नहीं हो सकती। हमास के पास कई रॉकेट्स, भूमिगत सुरंगें (टनल नेटवर्क), हथियार भंडार और प्रशिक्षित आतंकी हैं, जिन्हें इज़रायल पूरी तरह खत्म करना चाहता है। अभी तक की सैन्य कार्रवाई में इज़रायल ने हमास की सैन्य क्षमता को काफी हद तक खत्म कर दिया है, लेकिन इसका पूरी तरह अंत नहीं हुआ है। इज़रायली पीएम बेंजामिन नेतन्याहू (Benjamin Netanyahu) साफ कर चुके हैं कि गाज़ा से उनकी सेना तब तक नहीं हटेगी जब तक हमास सरेंडर न कर दें, जिससे इज़रायल पर भविष्य में किसी भी तरह का खतरा न रहे।
Updated on:
25 Sept 2026 07:55 pm
Published on:
25 Sept 2026 07:45 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
