
हमास ने इजरायली बंधक का वीडियो किया जारी (Photo- @EylonALevy)
Israel Hamas War: गाजा में हमास द्वारा बंधक बनाए गए इजरायली कैदी का एक वीडियो शेयर किया गया। इस वीडियो में बेहद कमजोर इजरायली बंधक अपनी कब्र खोदते हुए नजर आ रहा है। दरअसल, 48 घंटे में दूसरी बार इजरायली बंधक का वीडियो सामने आया है। इस वीडियो ने इजरायल के पीएम बेंजामिन नेतन्याहू को परेशान कर दिया है। शनिवार को हमास ने कहा था कि वह आजाद फिलिस्तीन नहीं बनने तक हथियार नहीं छोड़ेगा।
दरअसल, वीडियो में दिख रहे व्यक्ति का नाम एव्यातार डेविड है, जो कि 7 अक्टूबर को हमास के कब्जे में आए बंधकों में से एक है। वह बेहद कमजोर नजर आ रहा है। संकरी सुरंग में वह कब्र खोदते हुए नजर आ रहा है। वीडियो में वह कह रहा है- मैं अपनी कब्र खोद रहा हूं और मेरा शरीर कमजोर होता जा रहा है। यह मेरी कब्र है और जहां मुझे दफनाया जाएगा।
वीडियो वायरल होने के बाद इजरायली प्रधानमंत्री कार्यालय से जारी एक बयान में नेतन्याहू ने कहा कि उन्होंने वीडियो में दिखाए गए दो बंधकों रोम ब्रास्लावस्की और एव्याटर डेवी के परिवारों से बात की है। उन्होंने कहा कि हमारे सभी बंधकों को वापस लाने के प्रयास जारी हैं।
डेविड के परिवार द्वारा जारी एक बयान में कहा गया कि एक दुष्प्रचार अभियान के तहत हमारे बेटे को जानबूझकर भूखा मारना दुनिया में देखी गई सबसे भयावह घटनाओं में से एक है। उसे केवल हमास के दुष्प्रचार के लिए भूखा रखा जा रहा है। बता दें कि डेविड के परिवार ने यह बयान तब दिया जब बंधक समझौते पर नेतन्याहू सरकार की देरी से प्रतिक्रिया के कारण पूरे इजरायल में विरोध प्रदर्शन शुरू हो गए थे।
फ्रांस ने इस वीडियो की निंदा की। फ्रांस के विदेश मंत्री जीन-नोएल बैरोट ने कहा- गाजा में हमास द्वारा 666 दिनों तक बंधक बनाए गए इजरायली बंधकों की घृणित और असहनीय तस्वीरें। उन्हें बिना किसी शर्त के रिहा किया जाना चाहिए।
Updated on:
3 Aug 2025, 7:17 PM IST
Published on:
3 Aug 2025, 7:17 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.