अमेरिका (United States Of America) में 5 नवंबर को राष्ट्रपति चुनाव होंगे और चुनावी माहौल अब जोर पकड़ने लगा है। रिपब्लिक पार्टी से एक बार फिर पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप (Donald Trump) ही उम्मीदवार हैं। वहीं डेमोक्रेटिक पार्टी से वर्तमान राष्ट्रपति जो बाइडन (Joe Biden) के चुनावी रेस से अपना नाम वापस लेने के बाद उपराष्ट्रपति कमला हैरिस (Kamala Harris) डेमोक्रेटिक पार्टी से नई राष्ट्रपति उम्मीदवार बन गई हैं। दोनों ही चुनाव में जीत के लिए पूरा जोर लगा रहे हैं। जमकर प्रचार कर रहे हैं और साथ ही एक-दूसरे पर निशाना साधने से भी पीछे नहीं हट रहे। इतना ही नहीं, दोनों इस बारे में भी बात कर रहे हैं कि अगर वो जीतते हैं तो क्या करेंगे। हाल ही में कमला के क्रिप्टो-प्लान के बारे में जानकारी सामने आई है।
अगर कमला बनी राष्ट्रपति तो देंगी क्रिप्टोकरेंसी को बढ़ावा
पिछले कुछ साल में दुनियाभर में क्रिप्टोकरेंसी काफी पॉपुलर हुई है। दुनियाभर में अलग-अलग तरह की क्रिप्टोकरेंसी अवेलेबल हैं और लोग इनमें निवेश भी करते हैं। कई लोग तो क्रिप्टोकरेंसी को भविष्य मानते हैं। ऐसे में कमला का प्लान है कि अगर वह चुनाव जीतकर अमेरिका की राष्ट्रपति बनती हैं, तो देश में क्रिप्टोकरेंसी को बढ़ावा देंगी।