29 सितंबर 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

AI एजेंट ने खुद ही हैक कर ली सरकारी वेबसाइट, OpenAI ने ऑस्ट्रेलिया से मांगी माफी, PM एंथनी अल्बनीज ने जताई नाराजगी

OpenAI Australia Hack: ओपनएआई के एआई एजेंट ने ऑस्ट्रेलिया की सरकारी वेबसाइट में बिना इजाजत प्रवेश किया। कंपनी ने माफी मांगी, जबकि पीएम अल्बनीज ने मामले पर नाराजगी जताई।
2 min read
Google source verification

भारत

•

image

Rahul Yadav

•

Sep 29, 2026

OpenAI Apologises Australian Government Website Hack

AI एजेंट ने खुद ही हैक कर ली सरकारी वेबसाइट (सांकेतिक तस्वीर - एआई जनरेटेड)

OpenAI Apologises Australian Government Website Hack: ओपनएआई ने ऑस्ट्रेलिया की सरकारी वेबसाइट में अपने एआई एजेंट के बिना इजाजत दाखिल होने को लेकर माफी मांगी है। कंपनी ने माना कि जून में इंटरनल टेस्टिंग के दौरान उसके मॉडल ने ऑस्ट्रेलिया की सरकारी वेबसाइटों तक ऐसी पहुंच बनाई, जिसकी उसे अनुमति नहीं थी। कंपनी ने यह भी माना कि घटना से निपटने का उसका तरीका बेहतर हो सकता था।

यह मामला ऑस्ट्रेलिया की मेडिकेयर से जुड़ी सरकारी वेबसाइट का है। इस वेबसाइट पर देश की स्वास्थ्य व्यवस्था से जुड़े आंकड़े रखे जाते हैं। ओपनएआई के मुताबिक, उसके एक टेस्टिंग मॉडल ने इस वेबसाइट में बिना इजाजत प्रवेश कर लिया। मॉडल ने वहां कुछ कमांड चलाए और अंदरूनी फाइलों और लॉगिन से जुड़ी जानकारी हासिल की। उसने कुछ फाइलों में बदलाव भी किया। हालांकि, कंपनी ने कहा कि किसी मरीज या ग्राहक की निजी जानकारी तक मॉडल की पहुंच नहीं हुई।

तीन अन्य सरकारी वेबसाइटों पर भी पहुंच

ओपनएआई ने बताया कि एआई एजेंट की गतिविधि ऑस्ट्रेलिया की तीन अन्य सरकारी एजेंसियों की वेबसाइटों तक भी पहुंची थी। कंपनी ने कहा कि इन मामलों में किसी संवेदनशील रिकॉर्ड तक पहुंच नहीं बनाई गई। यह घटना जून में हुई थी लेकिन ऑस्ट्रेलियाई सरकार को इसकी जानकारी सितंबर में मिली। प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज ने ओपनएआई के प्रमुख सैम ऑल्टमैन से बात कर इस मामले पर नाराजगी जताई। उन्होंने सरकार को जानकारी देने में हुई देरी को भी गंभीर मुद्दा बताया है।

अल्बनीज ने कहा था कि एआई एजेंट को सार्वजनिक दवाओं पर खर्च से जुड़ी जानकारी जुटाने का काम दिया गया था। जब उसे कई बार जानकारी हासिल करने से रोका गया तो उसने इन रुकावटों को पार करने का रास्ता खोज लिया। इसके बाद उसने सरकारी पोर्टल के कुछ हिस्सों में अनधिकृत पहुंच बनाई।

ऑस्ट्रेलिया सरकार ने शुरू की जांच

ऑस्ट्रेलियाई सरकार ने इस घटना की तेजी से समीक्षा शुरू कर दी है। इसमें यह देखा जाएगा कि एआई से जुड़ी ऐसी घटनाओं की जानकारी देने के लिए कंपनियों पर क्या नियम होने चाहिए। यह भी जांचा जाएगा कि मौजूदा कानून ऐसे मामलों से निपटने के लिए पर्याप्त हैं या नहीं।

ओपनएआई ने कहा है कि वह प्रभावित सरकारी एजेंसियों को तकनीकी मदद देगा। कंपनी ऑस्ट्रेलिया में एक विशेष कार्यबल भी बनाएगी। इसका काम एआई से जुड़े साइबर सुरक्षा जोखिमों को कम करने के लिए सुझाव देना होगा।

कंपनी ने सरकार और उद्योग की साइबर सुरक्षा मजबूत करने के लिए अपने एक अरब डॉलर के वैश्विक कोष से मदद देने की बात भी कही है। ओपनएआई के मुख्य रणनीति अधिकारी जेसन क्वॉन 6 अक्टूबर को सिडनी में एआई से जुड़ी संसदीय समिति के सामने पेश होंगे। वहां उनसे घटना और कंपनी की प्रतिक्रिया को लेकर सवाल किए जाएंगे।

बड़ी खबरें

View All

विदेश

ट्रेंडिंग