रूस (Russia) और यूक्रेन (Ukraine) के बीच चल रहे युद्ध को 32 महीने से भी ज़्यादा समय हो चुका है। रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन (Vladimir Putin) ने यूक्रेन पर कब्ज़ा करने के इरादे से 24 फरवरी, 2022 को अपनी सेना को जंग छेड़ने का आदेश दे दिया था और तब से यह युद्ध जारी है। इतने लंबे समय से चल रहे युद्ध की वजह से यूक्रेन को अब तक जान-माल का भारी नुकसान उठाना पड़ा है। साथ ही यूक्रेन के कई शहरों में तबाही मच चुकी है। पर लगातार मिल रहे इंटरनेशनल सपोर्ट की वजह से यूक्रेनी आर्मी का हौसला बना हुआ है और वो रूसी आर्मी के खिलाफ डटकर सामना कर रही है। यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोदिमिर ज़ेलेन्स्की (Volodymyr Zelenskyy) समय-समय पर युद्ध को रोकने की मांग उठा चुके हैं और पुतिन ने भी युद्ध को रोकने की इच्छा जताई है, लेकिन दोनों ही युद्ध रोकने की शर्तों पर सहमत नहीं हुए। इस युद्ध में अमेरिका (United States Of America) शुरू से यूक्रेन की मदद कर रहा है और ज़रूरत के अनुसार यूक्रेन को हथियारों की सप्लाई कर रहा है। अन्य वेस्टर्न देश भी यूक्रेन की मदद कर रहे हैं। इस हफ्ते की शुरुआत में यूक्रेन ने पहली बार रूसी ठिकानों पर अमेरिकी-ब्रिटिश मिसाइलें दागी थी। रूस ने इसका बदला लेने का वादा किया था और अब रूस ने वो कर दिया जो इस युद्ध में अब तक नहीं हुआ था।