
रूस ने यूक्रेन में रिहायशी इमारत पर किया हमला (Photo - @ZelenskyyUa)
रूस-यूक्रेन युद्ध (Russia-Ukraine War) को 55 महीने से ज़्यादा हो चुके हैं लेकिन अभी भी यह खत्म होने का नाम नहीं ले रहा है। रूस की तरफ से यूक्रेन पर लगातार हमले किए जा रहे हैं। यूक्रेन भी इन हमलों का जवाब दे रहा है। आज, 7 अक्टूबर को रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन (Vladimir Putin) का जन्मदिन है और इस मौके पर रूसी सेना ने एक बार फिर यूक्रेन पर हमला किया है।
यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोदिमिर ज़ेलेन्स्की ( Volodymyr Zelenskyy) ने सोशल मीडिया पर पोस्ट शेयर करते हुए लिखा, "आज, पुतिन को जन्मदिन के 'तोहफे' के तौर पर रूसी सेना ने चेर्निहाइव इलाके के प्रिलुकी में एक रिहायशी इमारत को तबाह कर दिया। यह पांच मंज़िला अपार्टमेंट की एक सामान्य इमारत थी। दुःख की बात है कि अभी तक 5 लोगों की मौत की खबर है और 26 लोग घायल हुए हैं, जिनमें 5 बच्चे भी शामिल हैं। मलबे के नीचे अभी भी लोग दबे हो सकते हैं। बचावकर्मी बिना रुके काम कर रहे हैं। वो हर व्यक्ति को ढूंढने के लिए हर मुमकिन कोशिश कर रहे हैं। रूसी मिसाइल हमलों से निप्रो में पांच अपार्टमेंट इमारतें और क्रेमेनचुक में चार ऊंची इमारतें भी क्षतिग्रस्त हुईं। दुःखद रूप से 2 लोगों की मौत हुई और 8 घायल हुए। ज़ापोरिज्जिया में एक ऊंची इमारत को ड्रोन से नुकसान पहुंचा। कीव में रूसियों ने 2 लोगों की जान ले ली। ओलेक्सांद्रिया में भी 2 और लोग मारे गए। मारे गए सभी लोगों के परिवारों और प्रियजनों के प्रति मेरी संवेदनाएं। कुल मिलाकर पिछली रात कीव और 12 इलाकों में बुनियादी ढांचे पर हमले हुए।"
ज़ेलेन्स्की ने आगे लिखा, "मुख्य लक्ष्यों में से एक यूक्रेन का ऊर्जा ढांचा था। रूस दर्दनाक और दिखावटी हमला करना चाहता था। यह सबसे घिनौने हमलों में से एक था। इसमें कुल 70 मिसाइलें दागी गईं, जिनमें से कई बैलिस्टिक थीं और साथ ही शाहेद ड्रोन्स भी थे। दुर्भाग्य से उनमें से कुछ को ही मार गिराया जा सका। रूसी बैलिस्टिक मिसाइलें हमारे लिए सबसे बड़ी चुनौती बनी हुई हैं और इस समय यूक्रेन के लिए एयर डिफेंस पैकेज बहुत ज़रूरी हैं। इसीलिए हम हर दिन पैट्रियट सिस्टम के लिए मिसाइलें ढूंढ रहे हैं जो यहाँ, यूक्रेनी आसमान में लोगों की जान बचा सकें और उन्हें बचाना ज़रूरी भी है। हमारी मदद करने वाले सभी लोगों का धन्यवाद।"
Updated on:
07 Oct 2026 03:14 pm
Published on:
07 Oct 2026 03:10 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
