अमेरिका (United States of America) में गन वॉयलेंस (बंदूक की वजह से हिंसा) का कहर रुकने का नाम ही नहीं ले रहा है। अक्सर ही अमेरिका में कहीं न कहीं गोलीबारी होती रहती हैं। अमेरिका में गन वॉयलेंस एक बेहद ही गंभीर समस्या है और लंबे समय से चली आ रही है, जिसने अमेरिका को जकड़ रखा है। पब्लिक प्लेस हो या फिर प्राइवेट प्लेस, अमेरिका में गन वॉयलेंस के कहर से कोई भी जगह सुरक्षित नहीं है। अब अमेरिका में गोलीबारी का एक और मामला सामने आया है। यह घटना आर्कन्सा (Arkansas) राज्य के फोर्डिस (Fordyce) शहर में शुक्रवार को घटित हुई है।
ग्रोसरी स्टोर के बाहर गोलीबारी
आर्कन्सा राज्य के फोर्डिस शहर में शुक्रवार सुबह लोकल समयानुसार करीब 11 बजकर 38 मिनट पर मैड बुचर ग्रोसरी स्टोर के बाहर एक शख्स ने अचानक ही लोगों पर ताबड़तोड़ गोलीबारी शुरू कर दी।
3 लोगों की मौत, 10 घायल
इस घटना में 3 लोगों की मौत हो गई है। साथ ही 10 अन्य लोग घायल हैं जिनका अस्पताल में इलाज चल रहा है। घायलों की स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है।