
ब्रिटेन में अमेरिकी एयरबेस के पास सुरक्षा अलर्ट जारी हुआ है (फोटो-x post/ @Currentreport1 )
Iran Conflict UK Alert: ईरान संघर्ष के बीच अब यूरोप में भी एक बड़ा सुरक्षा अलर्ट सामने आया है। ब्रिटेन के आरएएफ फेयरफोर्ड (RAF Fairford) एयरबेस के पास 'मेजर इन्सिडेंट' घोषित किया गया है। इस एयरबेस पर अमेरिकी वायुसेना की गतिविधियां होती हैं और ईरान संघर्ष शुरू होने के बाद यहां अमेरिकी बमवर्षक विमान भी तैनात किए गए हैं। मामले में कई लोगों को गिरफ्तार किया गया है। अमेरिका ईरान के युद्ध में ब्रिटेन के इसी एयरबेस से उड़कर अमेरिकी जेट ईरान के मिसाइल साइटों पर हमले किया करते थे। अब इस एयरबेस की सुरक्षा बढ़ाई गई है।
अभी हाल ही में ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) के प्रवक्ता ब्रिगेडियर जनरल हुसैन मोहेब्बी ने कहा है था कि अगर अमेरिका ने दोबारा हमला किया तो इस बार ईरान जवाबी कार्रवाई में नए हथियारों का इस्तेमाल करेगा और नए ठिकानों को निशाना बनाएगा। ऐसे में अब ब्रिटेन में स्थित इस अमेरिकी एयरबेस के पास सुरक्षा बढ़ाई गई है।
ग्लॉस्टरशायर पुलिस के मुताबिक, कई लोगों को विस्फोटक अधिनियम (Explosives Act) के तहत अपराध के शक में गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तारियां रविवार सुबह की गई। इसके बाद इलाके में बड़े स्तर पर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाई गई। पुलिस का कहना है कि स्थिति फिलहाल नियंत्रण में है। इसके साथ ही आरएएफ फेयरफोर्ड के पास वेल्फोर्ड गांव में कई घरों को खाली कराया गया है। वहां रहने वाले लोगों को एक लीजर सेंटर में ले जाया गया। इलाके में सुरक्षा घेरा बनाया गया है और बड़ी संख्या में आपातकालीन सेवाओं के कर्मचारी मौजूद हैं।
ब्रिटेन की सेना की बम निरोधक टीम (Explosive Ordnance Disposal) कई वाहनों की जांच कर रही है। पुलिस ने कहा कि वह दूसरे संबंधित विभागों के साथ मिलकर काम कर रही है और सुरक्षा के लिए पहले से तैयार योजनाओं को लागू किया जा रहा है। अमेरिकी वायुसेना के प्रवक्ता का कहना है कि आरएएफ फेयरफोर्ड में तैनात उसके कर्मचारी सतर्क हैं। हालांकि, उन्होंने सुरक्षा उपायों से जुड़ी खास जानकारी देने से मना कर दिया।
आरएएफ फेयरफोर्ड का इस्तेमाल ईरान में संघर्ष शुरू होने के बाद अमेरिकी बमवर्षक विमानों को तैनात करने के लिए किया गया है। 28 फरवरी को ईरान संघर्ष शुरू होने के बाद यहां अमेरिकी गतिविधियां बढ़ी हैं। मार्च में तत्कालीन प्रधानमंत्री सर कीर स्टारमर ने ब्रिटेन के एयरबेस से ईरानी मिसाइल ठिकानों के खिलाफ अमेरिकी 'रक्षात्मक' कार्रवाई की अनुमति दी थी। इसके बाद चार अमेरिकी बमवर्षक आरएएफ फेयरफोर्ड पहुंचे थे।
Updated on:
27 Sept 2026 03:47 pm
Published on:
27 Sept 2026 03:05 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
