इसलिए मनाया जाता है भाई दूज
पौराणिक कथा के अनुसार यमराज और यमुना भगवान सूर्य की संतानें हैं। इनके बीच आपस में बहुत प्रेम था। यमुना यमराज से बहुत स्नेह करती थीं और बार बार उनसे अपने घर आकर भोजन करने का निवेदन करती थीं। अपने कार्य में व्यस्त यमराज अक्सर बात को टालते रहते थे। एक बार कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की द्वितीया को यमुना ने फिर से भाई यमराज को भोजन के लिए निमंत्रण दिया और उन्हें अपने घर आने के लिए वचनबद्ध कर लिया। यमराज ने सोचा कि मैं तो प्राणों को हरने वाला हूं। मुझे कोई भी अपने घर नहीं बुलाना चाहता। बहन जिस सद्भावना से मुझे बुला रही है, उसका पालन करना मेरा धर्म है। बहन के घर आते समय यमराज ने नरक निवास करने वाले जीवों को मुक्त कर दिया। यमराज को अपने घर आया देख यमुना की खुशी का ठिकाना नहीं रहा। यमुना ने स्नान कर पूजन करके भाई को व्यंजन परोसे, उनका तिलक किया। यमुना द्वारा किए गए आतिथ्य से यमराज ने प्रसन्न होकर बहन को वर मांगने का आदेश दिया।तब यमुना ने कहा कि भद्र! आप प्रति वर्ष इसी दिन मेरे घर आया करो। मेरी तरह जो बहन इस दिन अपने भाई को आदर सत्कार करके टीका करे, उसे तुम्हारा भय न रहे। यमराज ने तथास्तु कहकर यमुना को अमूल्य वस्त्राभूषण दिए और यमलोक चले गए। तब से इस त्योहार की शुरुआत हुई।