
केदारनाथ धाम की यात्रा के दौरान एक चौका देने वाला मामला सामने आया है। यहां यात्रा के समय पैदल मार्ग पर नेपाली पिट्ठू की कंडी से खाई में गिरकर आगरा के रहने वाले एक पांच साल के बच्चे शिवाय की मौत हो गई। हालांकि बच्चे की मां इंदु ने इस पूरे मामले को साजिश के तहत हत्या करार दिया है। पीड़ित मां का आरोप है कि उनके बच्चे की मौत खाई में गिरने से नहीं हुई है। बल्कि कंडी वाले ने पैसों के लालच में उनके बच्चे की हत्या की है। उन्होंने पुलिस और उत्तराखंड सरकार से मामले की उच्च स्तरीय जांच कराए जाने की मांग की है।
कंडी से पैसे वाला बैग भी गायब
खबरों के मुताबिक, आगरा के ट्रांस यमुना कालोनी निवासी विजय गुप्ता अपनी पत्नी इंदु और बेटे-बेटी के साथ एक जुलाई को केदारनाथ धाम की यात्रा पर गए थे। यहां यात्रा के समय पैदल मार्ग पर वह पांच वर्ष के बेटे शिवाय को पिट्ठू की कंडी में बैठाकर ले जा रहे थे। इसी दौरान शिवाय की मौत हो गई। वहीं मां इंदु के अनुसार उन्होंने कंडी में उनका पैसे वाला बैग भी रखा था। इंदु गुप्ता का आरोप है कि घटना के बाद उनका बैग बरामद नहीं हुआ।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू की
पीड़ित मां का आरोप है कि उनके बेटे की हत्या को दुर्घटना बताया जा रहा है। कंडी वाले ने रुपये के लालच में साजिश के तहत उनके बेटे को खाई में फेंक दिया। उन्होंने उत्तराखंड सरकार से पूरे मामले की उच्च स्तरीय जांच कराने की मांग करते हुए सरकार को अपना एक वीडियो भी भेजा है। वहीं इस मामले में सोनप्रयाग पुलिस ने मामले की जांच करना बताया है। उनका कहना है कि घटना के सभी पहलुओं की जांच जारी है। आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
Published on:
6 Jul 2022, 9:21 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.