शिकायतों पर ध्यान नहीं दे रहे अधिकारी
बता दें कि फतेहपुरसीकरी के गांव दूरा स्थित सहकारी समिति पर पीसीएफ खरीद केन्द्र संचालित है। इस खरीद केन्द्र पर बड़ी संख्या में किसान गेहूं बेचने आ रहे हैं। बारिश से गेहूं की चमक और रंग में फीकापन आ गया है। इस मामले को देखते हुए मुख्यमंत्री ने दैवीय आपदा के शिकार हुए किसानों का गेहूं खरीद के निर्देश दिए हैं। किसानों का आरोप है कि खरीद केन्द्र प्रभारी प्रदीप यादव एक कुंतल गेहूं खरीद पर दो किलो गेहूं अतिरिक्त ले रहे है। इसकी शिकायत पीड़ित किसानों ने एसडीएम किरावली से की है। लेकिन कोई सुधार नहीं हो सका है। टीकरी के किसान देवेन्द्र सिंह, राजू, दूरा के नरेश कुमार, सुरेश, टीकम सिंह, गुलाब सिंह, रामवीर सिंह, सुनहरा व डॉ. धर्मवीर सिंह आदि का कहना है कि केन्द्र प्रभारी की कार्यशैली के विरोध में धरना प्रदर्शन किया जाएगा। ऐसी ही शिकायतें अन्य खरीद केन्द्रों से भी मिल रही हैं।