24 सितंबर 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

राजकोट-मोरबी हाईवे पर भीषण हादसा, बेकाबू ट्रक ने कार-ऑटो को रौंदा, लोक गायिका मीरा आहिर के भाई समेत 2 की मौत

Rajkot Morbi Highway Accident: राजकोट-मोरबी हाईवे पर हड़ाला के पास एक तेज रफ्तार बेकाबू ट्रक ने सड़क किनारे खड़ी कार और ऑटो-रिक्शा को जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण सड़क दुर्घटना में प्रसिद्ध लोक गायिका मीरा आहिर के इकलौते भाई काना हुंबल समेत दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।
2 min read
Google source verification
Rajkot Morbi Highway Accident

मृत युवक काना हुंबल। फाइल फोटो- पत्रिका

राजकोट। राजकोट-मोरबी हाईवे पर रतनपर में हड़ाला के पास एक दर्दनाक और दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया। एक तेज रफ्तार बेकाबू ट्रक ने सड़क किनारे खड़ी ऑटो-रिक्शा और कार को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि दोनों वाहनों के परखच्चे उड़ गए। इस दर्दनाक दुर्घटना में जानी-मानी लोक गायिका मीरा आहिर और वैशाली आहिर के इकलौते भाई समेत दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरे में कैद हो गई है।

पहले रिक्शे को मारी टक्कर

प्राप्त जानकारी के अनुसार, राजकोट में भावनगर रोड स्थित मनहरपरा निवासी अजीज शाहमदार (45) अपने बेटे अफजल के साथ ऑटो-रिक्शा से मोरबी दरगाह के उर्स में शामिल होने जा रहे थे। हड़ाला के पास एक होटल के निकट चाय-पानी के लिए उन्होंने रिक्शा रोका। बेटा अफजल पास की पान दुकान पर गया था, जबकि अजीज रिक्शा में ही बैठे थे। इसी दौरान पीछे से आए तेज रफ्तार ट्रक ने रिक्शा को भीषण टक्कर मार दी।

कार भी चपेट में आई

इस हादसे की चपेट में पास खड़ी एक कार भी आ गई। भीषण टक्कर के चलते कार में सवार बेडी गांव निवासी काना हुंबल (20) और ऑटो चालक अजीज शाहमदार की गंभीर चोटों के कारण मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी ट्रक चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया, लेकिन कुवाडवा पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए टंकारा के पास से ट्रक को जब्त कर चालक को हिरासत में ले लिया।

पांच बहनों का इकलौता भाई

इस दुखद घटना में जान गंवाने वाला काना हुंबल प्रसिद्ध गुजराती लोक गायिका और डायरा कलाकार मीरा आहिर का भाई था। काना अपनी पांच बहनों का इकलौता भाई था। घटना के समय बहन मीरा आहिर सिंगिंग प्रोग्राम के सिलसिले में ब्रिटेन में थीं। जैसे ही उन्हें भाई के निधन की खबर मिली, परिवार में मातम छा गया। कुवाडवा थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

डूबने से तीन की मौत

इससे पहले शहर के पास कुवाडवा-वांकानेर हाईवे पर जीयाणा गांव के सातनाला तालाब में बुधवार रात को गणपति की प्रतिमा विसर्जन करने गए एक ही परिवार के छह लोग डूब गए। इस घटना में डूबने से पिता-पुत्र और भतीजे समेत तीन सदस्यों की मौत हो गई, जबकि तीन महिलाओं को बचा लिया गया। मृतकों में धीरु चौहाण (50), उनका इकलौता पुत्र नयन (21) और उनका भतीजा नरेंद्र चौहाण (30) शामिल हैं।