
Kidnapping News : मकान मालिक के बेटे को बहलाकर ले जा रहा था किराएदार ,पुलिस ने चंद घंटों में दबोचा
पुष्कर (अजमेर). देवनगर रोड से बालक के अपहरण की शिकायत दर्ज होने के चंद घंटों में ही पुष्कर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अगवा किए गए बालक को किशनगढ़ से दस्तयाब कर लिया तथा अपहरण के आरोपियों को भी दर-दबोचा।
देवनगर रोड निवासी जितेन्द्र रेगर ने बुधवार पुष्कर थाने में शिकायत दी कि मथुरा निवासी मुकेश खुद को ठेकेदार बताते हुए उसके मकान में किरायेदार के रूप में रुका था। मंगलवार दोपहर में मुकेश नामक किराएदार उसके पुत्र भरत को अपने साथ अजमेर जाना बताते हुए बहला फुसलाकर ले गया।
थानाधिकारी राजेश मीणा ने बताया कि जिला पुलिस अधीक्षक कुंवर राष्ट्रदीप के आदेश तथा उपअधीक्षक ग्रामीण विनोद कुमार के निर्देशन में टीमों का गठन किया गया। आरोपी की अंतिम मोबाइल लोकेशन के आधार पर किशनगढृ में अलग अलग लोकेशन पर टीमों ने तलाश शुरू कर दी तथा सीसीटीवी फुटेज खंगाले।
तलाशी के दौरान भरत का अपहरण करने के आरोपी वार्ड 16 माताजी मंदिर जूना थाने के पास नागौर के नांवा थाना निवासी श्याम उर्फ राधेश्याम पुत्र मंगलाराम रेगर निवासी एवं उसके साथ में आंध्रप्रदेश के हैदाराबाद अमरपेट निवासी रिजवाना पत्नी मोहम्मद बशीर को किशनगढ़ शहर के मकराना चौराहे पर अपहृत भरत के साथ पकड लिया। आरोप है कि दोनों अपहर्ता बालक भरत के साथ बस में बैठकर अन्यत्र जाने की फिराक में थे।
फर्जी पहचान-पत्र पर ठहरे
पुलिस के अनुसार आरोपियों ने वारदात कों अंजाम देने से पूर्व ब्यावर से एक मजदूर का मोबाइल फोन व आईडी की फोटो की प्रति चुराई। इसके आधार पर जितेन्द्र का मकान किराए पर लिया तथा भरत को चॉकलेट का लालच देकर उसे अगवा कर लिया। पुष्कर पुलिस के चंद घंटों में वारदात का पर्दाफाश करने पर एसपी राष्ट्रदीप देर शाम पुष्कर थाने पहुंचे तथी पुलिस टीम की कामयाबी पर सराहना की।
Published on:
19 Dec 2019, 1:32 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.