27 अप्रैल 2026,

सोमवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

रातभर आठ युवकों ने की दरिंदगी, सुबह अस्पताल पहुंचाया

गुजरात से दरगाह जियारत करने आई युवती को पहले नशा करवाया गया फिर नशे की हालत में उसके साथ सामूहिक बलात्कार किया गया।

2 min read
Google source verification

अजमेर

image

Manish Singh

Apr 12, 2019

First drink alcohol, then raped

रातभर आठ युवकों ने की दरिंदगी, सुबह अस्पताल पहुंचाया

मनीष कुमार सिंह

अजमेर. गुजरात से दरगाह जियारत करने आई युवती को पहले नशा करवाया गया फिर नशे की हालत में उसके साथ सामूहिक बलात्कार करते हुए दरिंदगी की हदे पार कर दी। जब वह अचेत हो गई तो सुबह उसे तीन युवक अस्पताल लेकर पहुंचे। पीडि़ता के बयान के बाद रामगंज थाना पुलिस भी अब सामूहिक बलात्कार के मामले में पड़ताल में जुट गई है। प्रकरण में ऑटो रिक्शा चालक भी पुलिस के शक के दायरे में है।

पुलिस के अनुसार पीडि़ता बनास कांठा (गुजरात) की रहने वाली है। उसने पुलिस को बताया कि बुधवार सुबह वह पालनपुर से परबतपुरा बाइपास (अजमेर) पहुंची। यहां से वह ऑटो रिक्शा से स्टेशन रोड पहुंची। ऑटो चालक ने उसको एक होटल में कमरा दिलवा दिया। बुधवार शाम उसने ऑटो चालक को कॉल कर दरगाह जियारत की बात कही लेकिन उसने दूसरा ऑटो रिक्शा भेजने की बात कही। उसको लेने आए ऑटो रिक्शा में दो युवक सवार थे। वह उनके साथ दरगाह के लिए रवाना हो गई। ऑटो रिक्शा चालक उसे अंधेरे में सुभाष नगर ले गया। एक मकान के सामने ठहरने पर उसने दरगाह के संबंध में पूछा लेकिन ऑटो रिक्शा में सवार युवक उतर कर कमरे में चला गया।
कमरे में जबरन ले गए

पीडि़ता ने बताया कि वह ऑटो रिक्शा में बैठी रही तभी कमरे से आया युवक उसको जबरन कमरे में ले गया जबकि ऑटो रिक्शा चालक लौट गया। कमरे में 7 युवक पहले से मौजूद थे। यहां आरोपियों ने उसके साथ रातभर दुराचार किया। आरोपियों ने उसकी सोने की चेन, घड़ी और पर्स भी छीन लिया।

पुलिस ने करवाया मेडिकल
होश में आई युवती का पुलिस ने जेएलएन अस्पताल के मेडिकल फोरेंसिक विभाग मे दुष्कर्म संबंधित मेडिकल कराया है। हालांकि देर शाम तक युवती को महिला पुलिसकर्मी की निगरानी में जवाहरलाल नेहरू अस्पताल की आपातकालीन इकाई में भर्ती रखा गया। प्रकरण में पुलिस उप अधीक्षक (उत्तर) डॉ प्रियंका अनुसंधान कर रही हैं।

असलियत क्या है!
पुलिस भी मामले में ऊहापोह की स्थिति में है। अजमेर घुमने आई महिला के संबंध में पुलिस पड़ताल में जुटी है। वह कहां उतरी व सुभाषनगर कैसे पहुंची? सामूहिक दुष्कर्म में ऑटो रिक्शा चालक की कितनी लिप्तता है? पुलिस इन सब सवालों और तथ्यों की गहनता से पड़ताल में जुटी है।

यह है मामला

पुलिस के अनुसार सुभाष नगर क्षेत्र में रहने वाले तीन युवक गुरुवार सुबह साढ़े ६ बजे एक युवती को अचेतावस्था में जवाहरलाल नेहरू अस्पताल लेकर पहुंचे। उन्होंने तबीयत बिगडऩे की बात कहकर चिकित्सकों को गुमराह करते हुए उपचार शुरू करवा दिया लेकिन होश में आई युवती ने चिकित्सकों को उसके साथ हुए गैंग रेप की बात बताई तो हड़कम्प मच गया। चिकित्सकों ने तुरन्त रामगंज थाना पुलिस को सूचित कर दिया। रामगंज थानाप्रभारी गोमाराम ने युवती के बयान दर्ज किए। पुलिस के पहुंचते ही युवती को अस्पताल लेकर आए तीनों युवकों ने निकलने का प्रयास किया जिन्हें हिरासत में ले लिया गया। पुलिस ने तीन अन्य युवकों को भी पूछताछ के लिए थाने बुला लिया। पुलिस आरोपियों से पूछताछ में जुटी है।

इनका कहना है....
गुजरात की युवती ने ८ युवकों पर सामूहिक दुराचार का आरोप लगाया है। आरोपी युवक ही पीडि़ता को अस्पताल लेकर गए थे। ऐसे में प्रकरण में सच्चाई क्या है? यह अनुसंधान के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल कुछ कहा जाना जल्दी होगा। पीडि़ता के बयान के आधार पर मुकदमा दर्ज किया है।

-कुंवर राष्ट्रदीप, पुलिस अधीक्षक