
नसीराबाद में दवा विक्रेता की दुकान के बाहर खड़ी नारकोटिक्स विभाग के अधिकारियों का वाहन।
नसीराबाद (अजमेर) . नारकोटिक्स विभाग के अधिकारियों ने मंगलवार की रात नगर के मुख्य बाजार में एक दवा विक्रेता के यहां छापामार कार्रवाई करते हुए दुकान से प्रतिबंधित दवाइयां जब्त की। प्राप्त जानकारी के अनुसार नारकोटिक्स विभाग के अधिकारी मंगलवार की देर रात नगर के मुख्य बाजार स्थित श्याम मेडिकल की दुकान पर पहुंचे और उन्होंने छापामार कार्रवाई करते हुए दुकान के अंदर रखी प्रतिबंधित दवाइयां जब्त की। छापामार कार्रवाई मध्यरात तक चली। बताया जाता है कि नारकोटिक्स विभाग के अधिकारी दुकान मालिक अनिल चौकड़ीवाल व दीपक चौकड़ीवाल को अपने साथ ले गए। नारकोटिक्स विभाग के अधिकारियों ने अपना नाम तक उजागर करने से मना कर दिया वहीं उन्होंने मीडिया से भी दूरी बनाए रखी और बंद कमरे में कार्रवाई की।
ट्रांसफार्मरों से तेल चोरी का आरोप
अजमेर विद्युत वितरण निगम के कनिष्ठ अभियंता मनीष ने विभिन्न स्थानों पर लगे ट्रांसफार्मरों से हुए तेल चोरी के आरोप में सदर थाना नसीराबाद में मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस के अनुसार कनिष्ठ अभियंता ने दर्ज कराए मुकदमे में बताया कि ग्राम बाघसूरी से गोविन्द हरनाथ के यहां लगे ट्रांसफार्मर से 11 सितम्बर को, ग्राम बाघसूरी के हरिनिवास के ट्रांसफार्मर से 16 सितम्बर को, नांदला की सायरी के खेत पर लगे ट्रांसफार्मर से 6 सितम्बर को, ग्राम नांदला के महावीर के खेत पर लगे ट्रांसफार्मरर से 17 अक्टूबर को व बुबानिया के बजरंग के खेत पर लगे ट्रांसफार्मर से 17 अक्टूबर को अज्ञात चोर तेल चुराकर ले गए। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई प्रारंभ कर दी है।
Published on:
24 Oct 2019, 5:01 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.