राजस्थान के अजमेर के ब्यावर से 7 जुलाई को कुल्लू-मनाली घूमने गए सात युवक भारी बारिश में हुए भूू-स्खलन व बाढ़ में बह गए। उनमें से चार युवकों के शव मिल गए हैं जबकि तीन अभी तक लापता बताए गए हैं। मनाली से भेजी गई तस्वीरों के आधार पर तीन युवकों की पहचान हो गई है। उनके परिजन कुल्लू के लिए रवाना हो गए। परिजनों के कुल्लू पहुंचने के बाद ही कार्रवाई आगे बढ़ेगी। अब तक हिमाचल प्रदेश के अधिकारियों की ओर से जारी किए गए आधार कार्ड के अनुसार माना जा रहा है कि बाढ़ में बहे चार युवकों के शव मिले हैं। अब तक तीन युवकों का कुछ पता नहीं लग सका है। स्थानीय प्रशासन ने भी इस बारे में कोई जानकारी नहीं मिल पाने की बात कहीं है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ब्यावर निवासी चैत्य सांखला, साहिल तेजी, संदीप सांगेला, अक्षय कुमावत, लालचंद डुलगच, नितेश पंडित व नरेन्द्रसिंह गत 7 जुलाई को सैर-सपाटे के लिए कुल्लू-मनानी रवाना हुए थे। उनके मनाली पहुंचने पर बाढ़ आ गई। आठ जुलाई को साहिल की अपने परिवार वालों से बात हुई थी, उसके बाद उनका सम्पर्क टूट गया। युवकों से सम्पर्क नहीं होने पर यहां पर परिजन की चिंता बढ गई। परिजनों ने इस मामले को लेकर शहर थाना पुलिस व प्रशासन से मिला। इसके बाद प्रशासन ने उनके रेस्क्यू कैंप में होने की जानकारी दी।