
यूपी के अलीगढ़ विश्वविद्यालय में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी के विधि विभाग की एक छात्रा ने इतिहास के प्रोफेसर पर गंभीर आरोप लगाए हैं। छात्रा ने विश्वविद्यालय के गेट पर बैठकर विरोध भी किया है। इस दौरान पुलिस के साथ अन्य लोग मौजूद रहे। छात्रा ने आरोप लगाया है कि उसे एक ही विषय में पिछले तीन सालों से जानबूझकर फेल किया जा रहा है। हालांकि यूनिवर्सिटी प्रशासन ने अन्य प्रोफेसर से छात्रा की कॉपी की जांच कराने का आश्वासन दिया है।
अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी के गेट पर छात्रा के समर्थन में बैठे अखिल कौशल ने भी प्रोफेसर पर गंभीर आरोप लगाए हैं। अखिल का कहना है कि अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी में हिन्दुओं के साथ भेदभाव किया जा रहा है। दरअसल, बन्नादेवी थाना क्षेत्र निवासी अवंतिका गौड़ ने तीन साल पहले अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी के विधि विभाग में एडमिशन लिया था।
अवंतिका गौड़ का आरोप है कि बीए एलएलबी में उसे लगातार तीन साल से सिर्फ इतिहास के पेपर में फेल किया जा रहा है। इसके चलते वह अभी भी सेमेस्टर टू से आगे नहीं बढ़ सकी है। बकौल अवंतिका वह अन्य सेमेस्टर में पास हो रही है, लेकिन इतिहास के विषय में उसे पिछले तीन बार से जानबूझकर फेल किया जा रहा है।
अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी के गेट पर धरना दे रही छात्रा अवंतिका गौड़ ने बताया "इतिहास के प्रोफेसर एहतेशाम मुझे तीन साल से बार-बार फेल कर रहे हैं। मुझे समझ नहीं आ रहा है कि प्रोफेसर जानबूझकर मुझे क्यों फेल कर रहे हैं, जबकि मेरा पेपर भी सही हो रहा है। जब मैंने इतिहास में फेल होने के बारे में प्रोफेसर एहतेशाम से बात करने की कोशिश की तो उन्होंने मुझे डांटकर भगा दिया। इसीलिए मैं अपने कॅरिअर और भविष्य के प्रति चिंतित हूं। मजबूरी में एएमयू के प्रशासनिक भवन के सामने धरना देना पड़ रहा है।"
अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी के गेट पर छात्रा के धरना देने की जानकारी पर पहुंचे एएमयू के प्रॉक्टर प्रोफेसर एम वसीम मौके पर पहुंचे। उन्होंने छात्रा की पूरी बात सुनी और उसे आश्वासन दिया कि उसकी कॉपी किसी अन्य प्रोफेसर से चेक कराई जाएगी। उन्होंने कहा कि अगर छात्रा आवश्यक समझे तो किसी बाहरी शिक्षक से भी अपनी कॉपी की जांच कराने का सुझाव दे सकती है। इस दौरान छात्रा के समर्थन में धरना दे रहे बीएएलएलबी चतुर्थ सेमेस्टर के छात्र अखिल कौशल ने कहा कि विश्वविद्यालय में हिन्दुओं के साथ भेदभाव किया जा रहा है। प्रशासन गुंडागर्दी भी करता है। अखिल कौशल ने इस मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।
Updated on:
06 Nov 2024 12:35 pm
Published on:
05 Nov 2024 02:22 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
