
अलीगढ़ में बच्ची की हत्याः FSL रिपोर्ट तय करेगी हत्यारोपियों को फांसी हो या उम्रकैद, देखें वीडियो
अलीगढ़।अलीगढ़ मर्डर केस को पुलिस काफी सतर्क है। पुलिस को विधि विज्ञान प्रयोगशाला (एफएसएल) की जांच रिपोर्ट का इंतजार है। इसके आधार पर पुलिस न्यायालय में केस प्रस्तुत करेगी। साक्ष्यों की एफएसएल जांच से तय हो सकता है कि हत्यारोपियों को फांसी हो या उम्रकैद। याद रहे कि अलीगढ़ के टप्पल कस्बे में ढाई साल की बच्ची की निर्मम तरीके से हत्या कर दी गई है। पुलिस ने चारों हत्यारोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। लोग उन्हें फांसी की सजा देने की मांग कर रहे हैं।
पूरे साक्ष्य कोर्ट में रखेंगे
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आकाश कुलहरि ने बताया कि हमने असलम के घर से तमाम साक्ष्य एकत्रित किए हैं। उन्हें एफएसएल को भेजा है। हमारा प्रयास है कि जल्दी से जल्दी कोर्ट में आरोपपत्र प्रस्तुत किया जाए। लोग हत्यारोपियों को फांसी की मांग कर रहे हैं। पुलिस पूरे साक्ष्य कोर्ट में रखेगी।
असलम के घर पर हुई हत्या
एसएसपी ने बताया कि रुपये को लेकर झगड़ा हुआ था। इसके बाद जाहिद बच्ची को घर के सामने से उठा ले गया। बच्ची को असलम के घर पर मारा है। असलम घर पर अकेला रहता था। असलम पर अपनी ही बेटी के रेप का आरोप है। वह जेल भी जा चुका है। इस कारण उसकी बीवी छोड़कर चली गई थी। उसका आपराधिक इतिहास है। इन मामलों को भी हम दिखवा रहे हैं। हत्या के बाद बदबू फैली तो जाहिद और उसकी पत्नी ने शव को घूरे में रख दिया।
आरोपियों ने बलात्कार की बात नहीं स्वीकारी
आकाश कुलहरि ने बताया कि आरोपियों ने बलात्कार की बात स्वीकार नहीं की है। फिर भी साक्ष्य विधि विज्ञान प्रयोगशाला में भेजे गए हैं। वहां से जी भी जांच आएगी, उस आधार पर आरोपपत्र न्यायालय में प्रस्तुत किया जाएगा। उन्होंने कहा कि कानून व्यवस्था नियंत्रण में है। सूबे की सशस्त्र पुलिस (पीएसी) को बुलाया गया है।
पीड़ितों की सुरक्षा करेंगे
उन्होंने बताया कि बच्ची के परिजनों से मिले हैं। वे भी फांसी की मांग कर रहे हैं। हमने बच्ची के परिजनों को सुरक्षा का भरोसा दिलाया है। जब तक मुकदमा चलेगा, तब तक सुरक्षा रहेगी।
घटनाक्रम
30 मई को सुबह साढ़े आठ बजे मासूम घर के बाहर खेलते समय गायब।
31 मई को टप्पल थाने में पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज की।
02 जून को सुबह सात बजे घर से चंद कदम दूर कूड़े के ढेर में शव पड़ा मिला।
- नौ बजे थाने के बाहर सड़क पर शव रखकर आरोपितों की गिरफ्तारी की मांग करते हुए ग्रामीणों ने लगाया जाम।
-11 बजे एसएसपी, सांसद, खैर विधायक पहुंचे और ग्रामीणों को समझा-बुझाकर जाम खुलवाया।
- दोपहर दो बजे पोस्टमार्टम हाउस पहुंचा बालिका का शव।
- शाम पांच बजे पोस्टमार्टम।
- सात बजे गांव में पुलिस की कड़ी सुरक्षा में अंतिम संस्कार।
- देर रात लापरवाही बरतने वाले इंस्पेक्टर टप्पल को किया लाइन हाजिर।
3 जून को दोषियों पर कार्रवाई की मांग को लेकर धरना-प्रदर्शन।
4 जून को आरोपित जाहिद व असलम की गिरफ्तारी।
- सासंद व खैर विधायक ने ग्रामीणों को जूस पिलाकर धरना खत्म कराया।
5 जून को दोनों आरोपितों को पुलिस ने जेल भेजा।
6 जून को सोशल मीडिया पर छाया टप्पल प्रकरण।
- देर रात एसएसपी ने तत्कालीन इंस्पेक्टर टप्पल, तीन दारोगा व एक सिपाही निलंबित किया।
7 जून को एसआइटी जांच के साथ आरोपितों पर एनएसए व पॉक्सो एक्ट में कार्रवाई की घोषणा।
- देशभर में सोशल मीडिया पर लोगों की प्रतिक्रियाओं ने जोर पकड़ा।
8 जून को दो अन्य हत्यारोपी जाहिद की पत्नी शगुफ्ता और जाहिद का भाई मेंहदी हसन गिरफ्तार।
9 जून को पुलिस ने अलीगढ़ की सीमाएं सील कीं।
टप्पल में हंगामा, हत्यारोपियों को फांसी की मांग को लेकर अलीगढ़-पलवल मार्ग जाम लगाया।
-पुलिस ने साध्वी प्राची को जेवर से लौटा दिया। अलीगढ़ की सीमा में नहीं घुसने दिया।
Updated on:
9 Jun 2019, 3:08 PM IST
Published on:
9 Jun 2019, 3:04 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.