
representative picture (patrika)
अलवर में साइबर ठग लोगों को झांसे में लेने के लिए नए-नए तरीके अपना रहे हैं। ताजा मामले में एक अनजान व्यक्ति ने युवती को फोन कर उसके पिता को पैसों की जरूरत होने की बात कही। इसके बाद रुपए भेजने और गलती से ज्यादा रकम ट्रांसफर होने का बहाना बनाकर युवती से अलग-अलग किस्तों में कुल 91 हजार रुपए ठग लिए। मामले में अलवर साइबर थाना पुलिस ने साइबर ठगी में इस्तेमाल बैंक खाते के खाताधारक समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस अधीक्षक सुधीर चौधरी ने बताया कि परिवादी ने इस संबंध में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रिपोर्ट के अनुसार, 15 जुलाई को उसकी बेटी के मोबाइल पर एक अनजान व्यक्ति का फोन आया। फोन करने वाले ने कहा कि उसके पिता को तुरंत पैसों की जरूरत है। उसने यह भी कहा कि वह युवती को 3 हजार रुपए भेज रहा है।
कुछ देर बाद आरोपी ने दोबारा फोन किया और कहा कि गलती से 3 हजार रुपए की जगह 30 हजार रुपए भेज दिए हैं। उसने युवती से 27 हजार रुपए वापस भेजने को कहा। आरोपी की बातों पर भरोसा कर युवती ने रकम वापस ट्रांसफर कर दी। इसके बाद आरोपी ने अलग-अलग किस्तों में उससे कुल 91 हजार रुपए ट्रांसफर करवा लिए। बाद में ठगी का पता चलने पर पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई।
एसपी के अनुसार, साइबर थाना पुलिस ने मामले की जांच करते हुए नितेश कुमार (26) निवासी देवता, जिला झुंझुनूं, हाल निवासी पिलानी को गिरफ्तार किया। पुलिस ने उसे साइबर ठगी में इस्तेमाल किए गए बैंक खाते का खाताधारक बताया है।
इसके अलावा विक्रम सिंह (25) निवासी ग्राम ढाणा, थाना सिंघाना, जिला झुंझुनूं, हाल निवासी ग्राम डमोली को भी गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के मुताबिक, विक्रम पर बैंक खाता खुलवाकर बेचने का आरोप है। पुलिस अब दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है, ताकि ठगी में इस्तेमाल बैंक खाते और रकम के लेनदेन से जुड़ी अन्य जानकारी जुटाई जा सके।
साइबर ठगी से बचने के लिए किसी अनजान व्यक्ति की बातों में आकर रुपए ट्रांसफर नहीं करें। यदि कोई व्यक्ति गलती से ज्यादा पैसे भेजने का दावा करे तो पहले अपने बैंक खाते में रकम आने की पुष्टि करें। किसी के कहने पर जल्दबाजी में पैसे वापस भेजने से बचें। पिता या परिवार के किसी सदस्य के नाम पर फोन आने पर भी उनके परिचित नंबर पर संपर्क करके पुष्टि जरूर करें।
अगर खाते से धोखाधड़ी के जरिए रकम निकल जाए तो तुरंत बैंक को सूचना दें और साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं। साइबर अपराध की शिकायत आधिकारिक पोर्टल cybercrime.gov.in पर भी की जा सकती है।
Updated on:
14 Oct 2026 12:11 pm
Published on:
14 Oct 2026 12:11 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
