सरिस्का टाइगर रिजर्व अलवर में बाघिन एसटी-19 ने दो शावकों को जन्म दिया है। इसके बाद सरिस्का टाइगर रिजर्व में बाघों की संख्या बढ़कर 30 हो गई है। बाघ शावकों के जन्म से खुश राजस्थान सीएम अशोक गहलोत ने ट्वीट के जरिए इस जानकारी को शेयर किया। उन्होंने अपने ट्वीट पर लिखा, वन में नव जीवन। सरिस्का टाइगर रिज़र्व से 2 शावकों के जन्म का सुखद समाचार मिला। अब सरिस्का टाइगर रिजर्व में बाघों की संख्या बढ़कर 30 हो गई है। पर्यावरण हेतु महत्वपूर्ण बाघों के संरक्षण हेतु सरकार प्रतिबद्ध है। इस सूचना के बाद वन अफसर और कर्मिकों में खुशी की लहर दौड़ गई है। और बाघ शावकों की सुरक्षा पर नजर रखी जा रही है। वन व पर्यावरण मंत्री हेमराम चौधरी ने भी खुशी जताई। और वन विभाग के अधिकारियों को बधाई दी।