
Surguja police, ब्रेस्ट कैंसर स्क्रीनिंग कैंप में पहुंचीं महिला पुलिसकर्मी (Photo- Patrika)
अंबिकापुर. सरगुजा संभाग में पहली बार महिला पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों (Surguja police News) के लिए विशेष ब्रेस्ट कैंसर स्क्रीनिंग एवं स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। पुलिस लाइन अंबिकापुर में रविवार को आयोजित कार्यक्रम में महिला पुलिसकर्मियों की स्वास्थ्य जांच के साथ उन्हें ब्रेस्ट कैंसर की शुरुआती पहचान और नियमित स्वास्थ्य जांच के महत्व की जानकारी दी गई। इसके अलावा अन्य महिलाओं की भी जांच की गई। इस दौरान डॉक्टरों की टीम द्वारा सीपीआर का व्यवहारिक प्रशिक्षण भी महिला पुलिसकर्मियों व अन्य महिलाओं को दिया गया। कार्यक्रम के दौरान महिला पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों की काफी संख्या में मौजूदगी रही।
सरगुजा पुलिस के मार्गदर्शन में भारतीय रेडक्रॉस सोसायटी (Red Cross Society) जिला शाखा सरगुजा, इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए) सरगुजा और लायंस क्लब अंबिकापुर के संयुक्त तत्वावधान में कार्यक्रम हुआ। इस दौरान कैंसर रोग विशेषज्ञ डॉ. पीयू प्रकाश सक्सेना ने ब्रेस्ट कैंसर से संबंधित चिकित्सकीय जानकारी दी और महिलाओं की स्क्रीनिंग कर आवश्यक परामर्श दिया।
कार्यक्रम में आईएमए सरगुजा के सचिव डॉ. अर्पण सिंह चौहान ने कहा कि महिला पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी शासकीय दायित्वों के साथ परिवार और समाज के प्रति भी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाती हैं। ऐसे में उनके स्वास्थ्य की नियमित जांच और समय पर चिकित्सकीय परामर्श बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि समय पर स्वास्थ्य संबंधी समुचित जानकारी मिल जाने से उससे निपटने में आसानी होती है।
कार्यक्रम में आम नागरिकों, विशेषकर इच्छुक महिलाओं के लिए भी ब्रेस्ट कैंसर स्क्रीनिंग (Breast Cancer Screening) एवं चिकित्सकीय परामर्श की सुविधा उपलब्ध कराई गई। इस अवसर पर आईजी सरगुजा रेंज दीपक झा और डीआईजी राजेश अग्रवाल के मार्गदर्शन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रितेश चौधरी, रक्षित निरीक्षक तृप्ति सिंह राजपूत, सूबेदार गुलशन चंद्रा, सूबेदार पेमिन वर्मा सहित सरगुजा रेंज के विभिन्न जिलों से महिला पुलिस अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान डॉ. श्रीकांत सिंह ने वहां मौजूद महिला पुलिसकर्मियों को सीपीआर का प्रशिक्षण (CPR training) दिया। इसमें आपात स्थिति में प्राथमिक जीवन रक्षक सहायता देने की तकनीक और उसका व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया। आईएमए की चिकित्सकीय टीम में डॉ. सुजीत, डॉ. हरप्रीत, डॉ. सुधांशु, डॉ. सुषमा, डॉ. रितेश, डॉ. स्वप्निल एवं डॉ. अखिलेश शामिल रहे।
Updated on:
23 Aug 2026 08:20 pm
Published on:
23 Aug 2026 08:20 pm
