
Death in road accident
अंबिकापुर. चचेरी बहन की शादी समारोह में गुरुवार की रात शामिल होने जा रहे भाई व उसके 2 दोस्त अंधेरे में सड़क पर खड़ी ट्रॉली से टकरा गई। हादसे में सिर में गंभीर चोट लगने से तीनों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। इस हादसे से 3 परिवारों सहित पूरे गांव में मातम पसर गया। सूचना पर पुलिस पहुंची और पंचनामा पश्चात शवों को पीएम के लिए अस्पताल भिजवाया।
शुक्रवार को पीएम के बाद शव उनके परिजनों को सौंप दिया गया। जैसे ही शव गांव में पहुंचा उनके परिजन सदमे में आ गए। दोपहर बाद तीनों की जब अर्थी निकली तो पूरा गांव रो पड़ा। हर कोई उनके परिजनों को ढांढस बंधाता रहा। इधर पुलिस ने ट्रॉली जब्त कर ट्रैक्टर मालिक के खिलाफ जुर्म दर्ज कर लिया है।
सरगुजा जिले के दरिमा थानांतर्गत ग्राम नानदमाली निवासी विजय कुमार सिंह के बेटी का विवाह गुरुवार को था। उसका चचेरा भाई ग्राम नानदमाली मोहल्ला गोंड़पारा निवासी 20 वर्षीय राजकुमार सिंह पिता धनुसिंह गोड़, 25 वर्षीय भारत यादव पिता बालम यादव व 21 वर्षीय गोपाल गोड़ पिता कुंजराम गोंड बाइक क्रमाक सीजी 15 सीसी-6474से दरिमा गए हुए थे।
वहां से रात 8 बजे राजकुमार अपने मित्रों के साथ विवाह कार्यक्रम में शामिल होने आ रहा था। नानदमाली के समीप सरपंच जोहन लकड़ा का ट्रैक्टर खराब हो गया था। वह इंजन लेकर चला गया था और ट्रॉली को सड़क किनारे छोड़ दिया था। तीनों बाइक से काफी तेज गति से नानदमाली की तरफ आ रहे थे।
इससे उन्हें अंधेरे में ट्रॉली नजर नहीं आई और तीनों बाइक सहित उससे जा टकराए। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सहित तीनों युवक ट्राली के नीचे जा घुसे और ट्राली सड़क के बीचों-बीच आ गई। हादसे में तीनों युवक की दुर्घटना स्थल पर ही मौत हो गई। आस-पास के लोगों ने तत्काल इसकी जानकारी दरिमा पुलिस को दी। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर तत्काल दरिमा प्रभारी एसआई एसआर भगत पुलिस बल के साथ पहुंच गए।
तब तक घटनास्थल पर काफी भीड़ लग गई थी। इससे जाम की स्थिति भी निर्मित हो गई थी। पुलिस ने ट्रॉली के नीचे घुसे बाइक व युवकों के शव को बाहर निकलवाया। ट्रॉली को हटवाने के बाद आवागमन शुरू हो सका। पुलिस ने मामले में सरपंच के खिलाफ धारा 304ए के तहत जर्म दर्ज कर लिया है।
अस्पताल में पीएम के बाद शुक्रवार को तीनों का शव गांव में पहुंचा। फिर तीनों की अर्थी निकली तो पूरे गांव वालों की आंखें नम हो गईं।
नशे में धुत्त थे तीनों युवक
बताया जा रहा है कि तीनों युवक गांव में बज रहे डीजे में नाचने जा रहे थे। इसकी उन्हें जल्दी थी। तीनों युवक जब घर से निकले थे तब वे शराब के नशे में थे और बाइक चलाने के दौरान भी काफी ज्यादा शराब पीए हुए थे। जल्दी जाने के चक्कर में काफी तेज गति से बाइक चला रहे थे।
मातम में बदला विवाह का माहौल
मृतक राजकुमार सिंह के चचेरी बहन का विवाह गांव में ही था। जैसे ही दुर्घटना में गांव के ही तीन युवक की मौत की सूचना पहुंची। विवाह कार्यक्रम मातम में बदल गया। राजकुमार सिंह के चाचा खुद ही मौके पर ही पहुंच कर इस घटना की एफआईआर दर्ज कराई।
Published on:
27 Apr 2018 08:38 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
