
Bhumipujan by TS Singhdeo
अंबिकापुर. घुनघुट्टा बांध से लगे सिंचाई सुविधा को विस्तार देने के लिए माइनर एवं मेन कैनालों के मरम्मत कार्य का भूमिपूजन नेता प्रतिपक्ष टीएस सिंहदेव, लुंड्रा विधायक चिंतामणी महाराज ने करजी-बरटिकरा में किया। नहरों की मरम्मत हो जाने से किसानों के खेतों तक आसानी से पानी पहुंचेगा। टीएस सिंहदेव ने बताया कि कुछ इलाकों में नए नहर निर्माण की भी आवश्यकता है।
इस संबंध में नेता प्रतिपक्ष टीएस सिंह देव ने बताया कि 1 करोड़ 30 लाख रुपए की लागत से घुनघुट्टा बांध के मेन एवं माइनर कैनालों का मरम्मत कार्य होगा, ताकि किसानों के खेतों तक समुचित पानी पहुंच सके। वहीं फतेहपुर तक पानी पहुंचे इसके लिये भी काम होगा।
नेता प्रतिपक्ष टीएस सिंह देव ने आमजनों को जानकारी देते हुए राज्य सरकार को धन्यवाद ज्ञापित किया तथा कहा कि लंबे समय से हमारी यह मांग थी कि घुनघुट्टा बांध क्षेत्र के समस्त कैनालों का मरम्मत हो। उन्होंने बताया कि कुछ क्षेत्रों में नवीन निर्माण की भी आवश्यकता है, यदि सरकार इस पर ध्यान दे तो किसान खेती कार्य का अपना रकबा बढ़ा सकते हैं।
उन्होंने बताया कि आप सभी के सहयोग एवं हम लोगों के प्रयास से इस बार सरकार ने हमारी मांग को बजट में स्थान दिया है और 32 करोड़ की राशि का प्रावधान किया है। वहीं फतेहपुर क्षेत्र में सिंचाई सुविधा के विस्तार हेतु 12 करोड़ की राशि की स्वीकृत है। उक्त दोनों काम होते ही किसानों के रकबा में बढ़ोतरी होगी और लाभ मिलेगा।
विधायक चिंतामणी महाराज ने कहा कि एक करोड़ 32 लाख के उक्त मरम्मत कार्य से लोगों को कृषि कार्य में सहयोग होगा। इस अवसर पर ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष राकेश गुप्ता, आदित्येशवर शरण सिंह देव, शफीक खान, मदन जायसवाल, इन्द्रजीत सिंह धंजल, सैयद अख्तर सहित काफी संख्या में आमजन उपस्थित थे।
Published on:
24 Feb 2018, 8:00 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.