4 अगस्त 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Breaking News: स्कूल परिसर में घुसे कार सवार 4 बदमाश, छात्रा को ले जाने लगे साथ, दांत से काटा, फिर…

बिशुनपुर प्राइमरी स्कूल में दिनदहाड़े बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में पहुंचे थे कार सवार युवक, पुलिस कर रही खोजबीन
2 min read
Google source verification
School girl with parents

School girl with parents

अंबिकापुर. शहर से सटे बिशुनपुर में सोमवार की सुबह कार सवार 4 बदमाश स्कूल परिसर में घुस गए। इसके बाद समय से पहले स्कूल पहुंची मासूम छात्रा को खींचकर अपने साथ ले जाने लगे। उनकी मंशा छात्रा के साथ कुछ गलत करने की थी। इसी बीच छात्रा ने एक युवक को दांत से काट लिया और चंगुल से छूटकर भाग निकली।

छात्रा के चिल्लाने पर बदमाश भी भाग खड़े हुए। छात्रा ने इसकी सूचना स्कूल पहुंचे शिक्षकों को दी तो वहां हड़कंप मच गया। शिक्षकों की सूचना पर पुलिस महकमा मौके पर पहुंचा और छात्रा से पूछताछ की। घटना से सहमी छात्रा ने बताया कि कार सवार स्कूल के पीछे स्थित आम बगीचे की ओर से परिसर में घुसे थे। पुलिस बदमाशों की खोजबीन में जुट गई है।


जशपुर जिले के आमगांव निवासी एक मजदूर पत्नी व 2 बच्चों के साथ किराए के मकान में नगर से लगे बिशुनपुर में रहता है। उसकी 10 वर्षीय पुत्री बिशुनपुर प्राइमरी स्कूल में कक्षा 4थी की छात्रा है। सोमवार की सुबह 9 बजे छात्रा स्कूल पहुंच गई। इस दौरान 3 अन्य छात्र-छात्राएं भी पहुंचे थे।

स्कूल की टाइमिंग 9.30 बजे से 4 बजे तक होने के कारण गेट में ताला लगा था। समय से पहले स्कूल पहुंच जाने के बाद छात्रा सहपाठियों के साथ स्कूल परिसर में खेलने लगी। इस दौरान एक छात्रा आदर्श मध्याह्न भोजन बनाने वाली रसोइया के घर चाबी लेने चला गया। इसी बीच स्कूल के पीछे स्थित आम बगीचे की ओर से काले रंग की कार में 4 बदमाश वहां पहुंचे।

इस दौरान एक युवक उतरा और छात्रा को पकड़कर कार में बैठाने लगा। छात्रा चिल्लाई तथा युवक के हाथ में दांत से काटा। इससे युवक की पकड़ ढीली होते ही छात्रा उसकी चंगुल से निकलकर बदहवास भागी। यह देख चारों बदमाश भी कार में सवार होकर प्रतीक्षा बस स्टैंड की ओर जाने वाले रोड की तरफ फरार हो गए।


सूचना मिलते ही पहुंचे पुलिस अधिकारी
बदमाशों के चंगुल से छूटी छात्रा ने यह बात स्कूल पहुंचे हेडमास्टर तेजपाल व एक अन्य शिक्षिका को बताई। इस पर प्रधानपाठक ने तत्काल पुलिस को घटना की सूचना दी। सूचना मिलते ही एडिशनल एसपी रामकृष्ण साहू, सीएसपी आरएन यादव, गांधीनगर एसआई अब्दुल मुनाफ, क्राइम ब्रांच प्रभारी भूपेश सिंह अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे।

उन्होंने छात्रा से पूछताछ के बाद बदमाशों की खोजबीन शुरु कर दी है। पुलिस घटनास्थल से लेकर बस स्टैंड इलाके में लगी सीसीटीवी फुटेज को खंगाल रही है।


नशेड़ी युवकों की हो सकती है करतूत
इस मामले में पुलिस का कहना है कि नशेड़ी प्रवृत्ति के युवकों की यह करतूत हो सकती है। बताया जा रहा है कि स्कूल परिसर के पीछे की बाउंड्री टूटी हुई है तथा आम के बगीचे में हमेशा असामाजिक तत्व आते-जाते रहते हैं। वहां उनके द्वारा नशाखोरी भी की जाती है। पुलिस की गश्त नहीं होने से असामाजिक तत्वों के हौसले बुलंद हैं।

बड़ी खबरें

View All

अंबिकापुर

छत्तीसगढ़

ट्रेंडिंग