
Dead body in forest
अंबिकापुर/पोड़ी मोड़. जंगल में खुखड़ी उखाडऩे गए 5-6 ग्रामीणों का सोमवार की सुबह अचानक मौत से सामना हो गया। मौत के रूप में पहुंचे 2 हाथियों को देख सभी जान बचाकर भागे, लेकिन हाथियों ने एक बुजुर्ग को सूंड से उठाकर पटक दिया। इसके बाद दोनों ने कुचल-कुचलकर उसे मौत के घाट उतार डाला।
भागे ग्रामीणों ने गांव में आकर इसकी सूचना दी। सूचना मिलने के बाद दोपहर में वन अमला मौके पर पहुंचा और पंचनामा पश्चात शव को पीएम के लिए भिजवाया। उन्होंने मृतक के परिजनों को तात्कालिक सहायता राशि के रूप में 25 हजार रुपए प्रदान किए।
सूरजपुर जिले के प्रतापपुर वन परिक्षेत्र के सोनगरा सर्किल अंतर्गत ग्राम सोनगरा के कांसदोहर निवासी टेकराम गोंड़ पिता रामसाय 65 वर्ष सोमवार की सुबह 10 बजे खुखड़ी उखाडऩे गया था। उसके साथ गांव के ही 5-6 ग्रामीण और थे। सभी थोड़ी-थोड़ी दूरी पर थे। इसी बीच अचानक छोटे पेड़ आवाज के साथ हिलने लगे। ग्रामीणों ने देखा तो 2 हाथी उनके सामने खड़े थे।
यह देख सभी जान बचाकर इधर-इधर भागे। इसी बीच हाथियों ने भाग रहे टेकराम को सूंड में दबोचकर जमीन पर पटक दिया। इसके बाद उसे कुचल कर मार डाला। इधर घटना की सूचना जान बचाकर भागे ग्रामीणों ने गांव में दी।
इसकी सूचना जब वन विभाग को मिली तो एसडीओ प्रभात खलखो, रेंजर अनिल सिंह, बीट प्रभारी शैलेष गुप्ता सहित अन्य घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने पंचनामा पश्चात शव को पीएम कराया। एसडीओ ने मृतक के परिजनों को तात्कालिक सहायता राशि के रूप में 25 हजार रुपए प्रदान किए।
घूम रहा 15 हाथियों का दल
प्रतापपुर वन परिक्षेत्र में इन दिनों 15 हाथियों का दल विचरण कर रहा है। यह दल अब तक आधा दर्जन से अधिक लोगों को मौत के घाट उतार चुका है। इस मामले में वन विभाग द्वारा ग्रामीणों को लगातार समझाइश दी जाती रही है कि ग्रामीण हाथी विचरण वाले क्षेत्र में न जाएं।
इसके बावजूद ग्रामीण जान जोखिम में डालकर जंगल में जाते हैं। खुखड़ी उखाडऩे के दौरान ही वृद्ध भी हाथियों की चपेट में आ गया।
Published on:
16 Oct 2017 07:54 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
