अंबिकापुर. Child murder: सरगुजा जिले के लखनपुर थाना क्षेत्र के कुन्नी चौकी अंतर्गत गांव में एक मां ने ममता को तार-तार कर दिया। पति की शराब की लत व आए दिन हो रहे विवाद से परेशान महिला ने 25 जनवरी की रात अपने 8 माह के दूधमुंहे बच्चे का गला रेतकर पेट में चाकू मार दिया। इससे बच्चे की मौत हो गई। बच्चे की हत्या करने के बाद 26 जनवरी की अलसुबह वह घर से फरार हो गई। दरअसल महिला ने घटना दिवस की रात पति से कहा था कि वह बच्चे को मार डालेगी और खुद भी जान दे देगी। इस हृदयविदारक घटना ने हर किसी को झकझोर दिया है कि आखिर एक मां अपने बच्चे की हत्या कैसे कर सकती है। इधर पति की रिपोर्ट पर पुलिस अब बच्चे की हत्या करने वाली मां की तलाश में जुट गई है।