
अंबिकापुर. Collector on bike: कलेक्टर विलास भोसकर बुधवार को औचक निरीक्षण पर निकले। उन्होंने उदयपुर के सुदूर गांव पेंडरखी, पहाड़ कोरजा, झिंगाझरिया, बकोई, मुंदराडांड़ और खुझी पहुंचकर प्राइमरी स्कूल, मिडिल स्कूल, आंगनबाडिय़ों व अस्पताल का निरीक्षण किया। बाइक पर ग्राम पेंडरखी पहुंचे कलेक्टर (Collector on bullet) ने वहां के उप स्वास्थ्य केंद्र में ताला लटका देखा तो भडक़ गए। उन्होंने तत्काल एक्शन लेते हुए मौके पर मौजूद सीएमएचओ से बीएमओ व आरएचओ को सस्पेंड करने कहा।
इधर ग्राम पेंडरखी में स्कूल के निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने परिसर में स्वच्छता और अच्छे शिक्षण कार्य, मध्यान्ह भोजन की अच्छी गुणवत्ता को देखते हुए सराहना की और इसी तरह व्यवस्था बनाए रखे प्रेरित किया। मध्यान्ह भोजन की गुणवत्ता जांचने कलेक्टर ने स्वयं जमीन पर बैठकर भोजन भी किया।
इस दौरान जिला शिक्षा अधिकारी अशोक सिन्हा, जिला कार्यक्रम अधिकारी जेआर प्रधान, एपीओ शिक्षा विभाग रविशंकर पांडेय सहित खंड स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
कलेक्टर दुर्गम रास्तों पर स्वयं बाइक चलाकर कलेक्टर पेंडरखी से पहाड़ कोरजा पहुंचे। यहां प्राथमिक शाला का निरीक्षण कर उन्होंने एकल शिक्षकीय होने की जानकारी संज्ञान में आने पर एक अतिरिक्त शिक्षक शाला में भेजने के निर्देश जिला शिक्षा अधिकारी को दिए।
कलेक्टर ने झिंगाझरिया, बकोई और मुंदराडांड के दूरस्थ गांव होने के बावजूद शालाओं में शिक्षकों और बच्चों की उपस्थिति के साथ पढ़ाई देख कलेक्टर ने शिक्षकों को निष्ठा और मेहनत की सराहना की। उन्होंने सीएसी सुनील कुमार यादव को आगामी 15 अगस्त को पुरस्कृत किए जाने के निर्देश दिए।
औचक निरीक्षण में पहुंचे कलेक्टर द्वारा उप स्वास्थ्य केंद्र पेंडरखी के बंद मिलने पर बेहद नाराजगी जताई गई। कलेक्टर ने इस लापरवाही पर बीएमओ और आरएचओ को निलंबित करने के लिए आवश्यक कार्यवाही करने मौके पर मौजूद सीएमएचओ को निर्देशित किया।
Updated on:
10 Jul 2024, 9:00 PM IST
Published on:
10 Jul 2024, 8:36 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.