अंबिकापुर. Medical college hospital: मेडिकल कॉलेज अस्पताल अंबिकापुर में लापरवाही थमने के नाम नहीं ले रहा है। अस्पताल के चिकित्सकों व स्टाफ नर्स की लापरवाही का खामियाजा मरीज व उनके परिजन को भुगतना पड़ रहा है। पिछले दो दिन के भीतर डॉक्टर व स्टाफ नर्सों की 2 बड़ी लापरवाही सामने आई है। पहली घटना में शनिवार की सुबह समय पर इलाज न मिलने के कारण एक महिला की मौत हो गई। परिजन का आरोप है कि भर्ती कराने के बाद महिला दर्द से तड़पती रही, लेकिन 11 घंटे बीत जाने के बाद भी उसका इलाज शुरु नहीं किया गया। अंतत: महिला की मौत हो गई। वहीं दूसरी घटना में एक दिन पूर्व स्टाफ नर्स की लापरवाही के कारण अस्पताल में भर्ती मरीज को एक्सपायरी स्लाइन चढ़ा दिया गया था। दोनों के परिजन ने अस्पताल प्रबंधन पर घोर लापरवाही का आरोप लगाया है।