
Home minister press conference
अंबिकापुर. अमित जोगी द्वारा 3 दिन पूर्व गृहमंत्री पर गंभीर आरोप लगाते हुए न्यायालय जाने की सलाह दी गई थी। इसपर पलटवार करते हुए गुरुवार को गृहमंत्री रामसेवक पैकरा ने कहा कि फर्जी जाति व फर्जी शपथ पत्र बांटने वालों के खिलाफ मुझे न्यायालय जाने की जरूरत नहीं है। अमित जोगी खुद जग्गी हत्याकांड में जेल जा चुके हैं। अगर उनमें दम है तो रेत व लकड़ी तस्करी के प्रमाण पेश करें।
गिनाईं प्रदेश सरकार की उपलब्धियां
गृहमंत्री ने प्रदेश सरकार के 14 साल बेमिसाल कार्यक्रम के तहत उच्च विश्रामगृह में गुरूवार को पत्रकारों से चर्चा करते हुए गृहमंत्री रामसेवक पैकरा ने कहा कि डॉ. रमन सिंह के नेतृत्व में पूरे प्रदेश में वर्ष 2003 से 2017 तक कई विकास कार्य किए गए। वर्ष २००३ में प्रदेश में माओवाद सबसे बड़ी चुनौती थी।
सरगुजा संभाग के सभी जिले माओवाद समस्या से ग्रसित थे। 14 वर्ष के दौरान माओवाद समस्या सरगुजा से समाप्त हो गई है। इसकी वजह से विकास को गति भी मिली है। माओवाद पूरी तरह से खत्म हो गया है ऐसी बात नहीं कह सकते हैं। बस्तर में हमारे जवान माओवादियों से लड़ रहे हैं। मुख्यमंत्री ने माओवाद समस्या को देखते हुए सभी प्रभावित क्षेत्रों को जिला बनाया।
जिला स्तर पर शासन की योजना पहुंचाने का भी काम किया जा रहा है। माओवाद आज भी चुनौती है। आज बड़े-बड़े पुल-पुलिया का निर्माण हो रहा है। उसकी सुरक्षा भी हमारे जवान कर रहे हैं। सरकार का लक्ष्य वर्ष 2022 तक प्रदेश से माओवाद समस्या को पूरी तरह से समाप्त करना है। इस दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष फुलेश्वरी सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष अखिलेश सोनी, जिला उपाध्यक्ष अंबिकेश केशरी, कलक्टर किरण कौशल, एसएसपी आरएस नायक सहित अन्य लोग उपस्थित थे।
फर्जी शपथ पत्र बांट रहे हैं अमित
कुछ दिनों पूर्व जनता कांग्रेस के नेता व मरवाही विधायक अमित जोगी ने गृहमंत्री को अवैध रेत उत्खनन व लकड़ी तस्करी करने वालों का सरगना कहकर सनसनी फैला दी थी। इस सवाल पर जवाब देते हुए गृहमंत्री ने कहा कि जिसकी जाति ही फर्जी है और जो फर्जी शपथ पत्र बांट रहा है। जनता को गुमराह करने का काम कर रहा है, वह क्या बात करेगा।
गृहमंत्री ने कहा कि अगर अमित जोगी के पास कोई भी प्रमाण है और आरोप में दम है तो प्रमाणित करके दिखाएं। गृहमंत्री से जब कहा गया कि अमित जोगी ने उन्हें मानहानि करने का दावा भी किया गया है। न्यायालय में वे तथ्य पेश करेंगे। इस पर उन्होंने कहा कि जो जग्गी हत्याकांड में जेल जा चुका है।
ऐसे लोगों के लिए मुझे न्यायालय जाने की जरूरत नहीं है। उनसे जब कहा गया कि जग्गी हत्याकांड में अमित जोगी को न्यायालय द्वारा बरी किया जा चुका है तो उन्होंने कहा कि न्यायालय में कैसे गवाहों को मैनेज कर सब छूट जाते हैं यह सभी जानते हैं।
किसानों का ऋण किया 0 फीसदी
गृहमंत्री ने कहा कि वर्ष 2003 के पूर्व किसानों को 14 प्रतिशत ब्याज पर किसान ऋण लेने को मजबूर था। इसकी वजह से कई किसान ऋण नहीं ले पाते थे। भाजपा की सरकार ने इस ब्याज दर को 9 फीसदी, 6 फीसदी, 3 फीसदी व ० फीसदी कर दिया। यह किसानों के लिए विकास का मॉडल है।
किसानों को कृषक योजना के तहत 3 एचपी से 7 एचपी तक के पम्प निशुल्क विद्युत कनेक्शन दिया गया है। बिजली का विस्तार गांव-गांव में किया जा रहा है। आज किसान धान पैदा कर रहे हैं, उसे बेचने की चिंता नहीं करनी पड़ती है। सरकार किसान का धान खरीद रही है। समर्थन मूल्य पर धान खरीदने के साथ ही ३०० रुपए प्रति क्विंटल बोनस का भी वितरण किया जा रहा है।
तेंदूपत्ता को अब दे रहे 2500 रुपए
गृहमंत्री ने कहा कि तेंदूपत्ता संग्राहकों को पहले 250 रुपए मिलता था, अब 2500 रुपए मिलता है। ऐसे तेंदूपत्ता तोडऩे वाले श्रमिकों के बच्चों के लिए छात्रवृत्ति योजना लागू की गई। इसके साथ ही बीमा कराया गया है। शिक्षा के क्षेत्र में प्रदेश में अभूतपूर्व परिवर्तन आया है। सरस्वती साइकिल योजना की वजह से आज स्कूलों में लड़कियों की संख्या बढ़ गई है।
जिसका नाम ही मृत्यु, उसकी मौत तो तय
गृहमंत्री रामसेवक पैकरा ने कंबल वाले बाबा के शिविर में शामिल होने की बात पर कहा कि वहां उमड़ रही भीड़ को देखने वे गए हुए थे। यहां तो ब्लॉक-ब्लॉक में बाबा हैं, पहले उन बाबाओं के बारे में तो जान लें। कम्बल वाले बाबा लोगों के टेढ़े-मेढ़े हाथ-पैर को सीधा कर रहे हैं। शुगर से पीडि़त लोगों को इनके पास जाने से फायदा मिल रहा है।
अंधविश्वास बढ़ावा देने की बात पर उन्होंने कहा कि यहां पत्थर को भी भगवान माना जाता है, यह तो आस्था का विषय है। कम्बल वाले बाबा के इलाज में ग्राम बजौटी के मिटकू के मौत के संबंध में पूछे जाने पर गृहमंत्री ने कहा कि उसका नाम ही मिटकू है तो उसकी मौत तो तय थी। इस विषय पर मैं क्या कह सकता हूं।
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
Published on:
14 Dec 2017, 8:26 PM IST
बड़ी खबरें
View Allअंबिकापुर
छत्तीसगढ़




