22 मई 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Breaking: राजपत्र में प्रकाशित नोटिफिकेशन की इस कॉपी के वायरल होने से मचा हड़कंप, छिनेगा नपा का तमगा!

शिवपुर-चरचा नगर पालिका से कट जाएंगे 9 गांव, जनसंख्या कम होने से हो जाएगा नगर पंचायत में शामिल

3 min read
Google source verification
Gazette Notification

Gazette Notification

चरचा कॉलरी. नगर पालिका शिवपुर चरचा के पांच वार्ड के ९ गांव को ८ साल बाद शहर से अलग कर ग्राम पंचायत बनाया जाएगा। कोरिया के विभिन्न वाट्सएप ग्रुप में गुरुवार रात से छत्तीसगढ़ राजपत्र में प्रकाशित नोटिफिकेशन की कॉपी वायरल किया गया है। नोटिफिकेशन के नीचे राज्यपाल के नाम से उप सचिव आर. एक्का का नाम और 1 दिसंबर 2017 लिखा गया है। हालांकि नोटिफिकेशन के संबंध में प्रशासनिक अधिकारी किसी प्रकार के आदेश नहीं आने और जानकारी नहीं होने की बात कह रहे हैं। इधर नोटिफिकेशन की वायरल कॉपी देख क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं।


कोरिया जिले के विभिन्न वाट्सएप ग्रुप में छत्तीसगढ़ राजपत्र में प्रकाशित नोटिफिकेशन की एक कॉपी वायरल हो रही है। इसमें नगर पालिका शिवपुर-चरचा से खरवत, महुआपारा, जमुनीपारा, बनखेता, ऊपरपारा, सरडी, जूनापारा, स्कूलपारा, तेंदूपारा की सीमा को अलग करने का जिक्र किया गया है। वाट्सएप की कॉपी को देखकर अधिकांश लोग दंग हैं।

नगर पालिका प्रशासन का कहना है कि सामान्य सभा में ९ गांव को अलग करने का कोई भी प्रस्ताव पारित नहीं किया गया है और न ही किसी प्रकार का पत्र लिखा गया है। ऐसे में नोटिफिकेशन की कॉपी देखकर आश्चर्यजनक लग रहा है। हालांकि नोटिफिकेशन की कॉपी वाट्सएप ग्रुप में वायरल होने के बाद कुछ भाजपाइयों द्वारा चरचा नगर एरिया में जमकर जश्न मनाने की बात कही जा रही है।

वर्ष 2011 की जनगणना के अनुसार नगर पालिका शिवपुर चरचा की जनसंख्या 23 हजार १४5 थी। वहीं ९ गांव को शहरी एरिया से अलग करने पर नगरपालिका में करीब साढ़े चार हजार की आबादी कम हो जाएगी और जनसंख्या 19 हजार पर आकर अटक जाएगी। जबकि नगरपालिका के लिए 20 हजार से अधिक जनसंख्या होना अनिवार्य किया गया है।


आंकड़ों पर एक नजर
अनुसूचित जाति जनसंख्या 2837
अनुसूचित जनजाति संख्या 3737
बीपीएल परिवार 1733
स्थापना व्यय 55.23
वार्ड की संख्या 20
कुल जनसंख्या 23514
क्षेत्रफल वर्ग किलोमीटर 17.38


ये पांच वार्ड अलग हो जाएंगे
-वार्ड क्रमांक 17 शहीद ब्रजभूषण वार्ड।
-वार्ड क्रमांक 18 छत्रपति शिवाजी वार्ड।
-वार्ड क्रमांक 19 रविंद्र नाथ टैगोर वार्ड।
-वार्ड क्रमांक 20 शही मंगल पाण्डेय वार्ड।
-वार्ड क्रमांक 16 का कुछ हिस्सा अलग होगा।


ग्राम पंचायत से नगर पालिका तक का सफर
सघन आबादी वाला चरचा कालरी क्षेत्र पहले सरडी ग्राम पंचायत में आता था। वर्ष 2003 में ग्राम शिवपुर को चरचा में शामिल कर नगर पंचायत शिवपुर चरचा की स्थापना 14 जून 2003 को की गई थी। जिसमें प्रथम अध्यक्ष राजेश सिंह बने, करीब छह साल बाद 22 दिसंबर 2009 को नगर पालिका शिवपुर चरचा की स्थापना की गई थी। नवनिर्मित नगरपालिका के प्रथम कार्यकारी अध्यक्ष राजेश सिंह बने और 19 जनवरी 2011 से 22 नवंबर 2016 तक कुंती चक्रधारी अध्यक्ष पद पर काबिज रहीं। इस दौरान सिंह उपाध्यक्ष बने रहे।

निकाय चुनाव में कांग्रेस समर्थित अजीत लकड़ा विजयी हुए और 22 जनवरी 2016 से आज तक अध्यक्ष हैं। वर्ष 2003 से पूर्व भी ग्राम पंचायत में भाजपा की सरकार थी। वहीं शहरी सत्ता में परिवर्तन होने के बाद 2003 से आज तक 14 साल की अवधि में 12 वर्षों तक भाजपा समर्थित अध्यक्ष रहे और वर्तमान के 2 वर्ष कांग्रेस समर्थित अध्यक्ष काबिज हैं। लेकिन नगर पालिका से नगर पंचायत बनाने की स्थिति निर्मित होना सवालिया प्रश्नचिन्ह खड़ा करता है कि विकास हुआ या नहीं।


हमें भी वाट्सएप्प के जरिए मिली जानकारी
वाट्सएप में हमें भी ऐसी जानकारी मिली है। लेकिन इस प्रक्रिया से ग्रामीण क्षेत्रों का विकास अवरुद्ध हो जाएगा। नियमित रूप से ग्रामीण क्षेत्र को अपग्रेड किया जाता है, किंतु इसके विपरीत बदहाल स्थिति पर रहने को मजबूर किया जा रहा है। नगर पालिका द्वारा वर्ष में मात्र 300 रुपए समेकित कर लिया जाता है। कच्चे मकान से किसी भी प्रकार का कर नहीं लिया जाता है। इसके विपरीत कतिपय लोगों द्वारा टैक्स के संबंध में ग्रामीणों को गुमराह किया गया है। ग्राम खरवत, महुआ पारा की मुख्य समस्या पेयजल है। इसके निदान के लिए 8.30 करोड़ रुपए का प्रोजेक्ट बनाया गया था। जिससे इन क्षेत्रों की पेयजल की समस्या का निदान संभव था, लेकिन अब यह समस्या हमेशा बनी रहेगी।

अजीत लकड़ा, अध्यक्ष नगर पालिका शिवपुर चरचा


निरंतर की जा रही थी मांग
नगर पालिका शिवपुर चरचा के गठन के बाद से ही नए जुड़े ग्रामीणों द्वारा पालिका से अलग होने की मांग निरंतर की जा रही थी। राज्य शासन द्वारा उनकी समस्या का समाधान किया गया है। नगर पालिका क्षेत्र से मात्र कुछ चिह्नित गांवों को हटाया गया है। नगर पालिका शिवपुर चरचा अनुसूचित व अधिसूचित क्षेत्र में है। इससे नगरपालिका के स्वरुप में किसी भी प्रकार का असर नहीं पड़ेगा।
राजेश सिंह, पूर्व अध्यक्ष नगरपालिका शिवपुर चरचा


बेहद नींदनीय व सोचनीय
संपूर्ण छत्तीसगढ़ में एकमात्र नगर पालिका शिवपुर चरचा के क्षेत्र को कम करना बेहद नींदनीय व सोचनीय है। यह कृत्य नगरपालिका शिवपुर चरचा के विकास को बाधित करने का षड्यंत्र है। ऐसा नहीं होना चाहिए।
मोहम्मद हसीब अंसारी, प्रवक्ता गोंडवाना गणतंत्र पार्टी

बड़ी खबरें

View All

अंबिकापुर

छत्तीसगढ़

ट्रेंडिंग