
IPS Sadanand Kumar on NH
अंबिकापुर. अंबिकापुर-रायगढ़ एनएच-43 पर इन दिनों सैकड़ों गड्ढे हो गए हैं। गड्ढों में भरा पानी व कीचड़ से सनी सड़क ने लोगों को परेशान कर रखा है। इधर कीचड़ के कारण ग्राम बेलकोटा के पास सैकड़ों वाहन घंटों से जाम में फंसे हुए हैं। जाम लगने की सूचना मिलने पर बुधवार की सुबह एसपी आईपीएस सदानंद कुमार बुलेट से मौके पर पहुंचे।
उनके साथ ट्रैफिक प्रभारी दिलबाग सिंह समेत अन्य पुलिसकर्मी भी थे। यहां पहुंचने के बाद उन्होंने जाम हटाना शुरु किया, लेकिन काफी मशक्कत के बाद भी जाम पूरी तरह नहीं हट पाया। कीचड़ भरी सड़क पर उन्हें भी काफी परेशानी हुई।
राष्ट्रीय राजमार्ग हो या फिर रिंग रोड सभी सड़कों की ऐसी स्थिति है कि संभागीय मुख्यालय पहुंचने में भी लोगों को घंटों लग रहे हैं। इसकी मुख्य वजह प्रशासनिक अधिकारियों व संबंधित विभाग के अधिकारियों में प्लानिंग की पूरी तरह से कमी है। अगर पूर्व में ही सड़क निर्माण में लगे सभी ठेकेदारों पर नकेल कसा गया होता तो आज लोगों को इस स्थिति से नहीं गुजरना पड़ता।
लोग इन दिनों सड़क पर जान हथेली पर लेकर चल रहे हैं। सड़क पर जब घंटों जाम लग रहा है तो एनएच का कोई भी अधिकारी कहीं भी नजर नहीं आ रहा है। जाम का खामियाजा सिर्फ आम नागरिक भुगतने को मजबूर है।
जिले के आला अधिकारियों द्वारा सिर्फ निर्देश देने का काम किया जा रहा है। लेकिन इसके मरम्मत की तरफ किसी भी अधिकारी का ध्यान नहीं है, जबकि मरम्मत की राशि भी ठेकेदार के अनुबंध में शामिल है।
एसपी बाइक से पहुंचे व्यवस्था बनाने
आए दिन अंबिकापुर-बतौली मार्ग पर वाहनों की लंबी कतारें लगे होने की वजह से घंटों जाम की स्थिति निर्मित हो रही है। इसकी सूचना मिलने पर बुधवार की सुबह एसपी सदानंद कुमार बाइक से बतौली मार्ग पहंचे। उन्होंने जाम खुलवाने के लिए पुलिस बल के साथ बतौली मार्ग का निरीक्षण किया। इसके बाद जरूरी निर्देश दिए।
सीतापुर से आने वाली वाहनों को पहले किया रवाना
एसपी ने बतौली व सीतापुर पुलिस को निर्देश दिया कि पहले सीतापुर से आने वाले वाहनों को रवाना किया जाए। जब सभी वाहन सीतापुर की तरफ से रवाना हो जाएं तब अंबिकापुर की तरफ से आने वाले वाहनों को पत्थलगांव की तरफ भेजा जाए।
दो जगह लगेंगे बैरियर
एसपी के निर्देश पर अंबिकापुर-बतौली मार्ग पर दो जगह बैरियर लगाया जाएगा। एसपी ने लमगांव व मंगारी में बैरियर लगाने के आदेश दिए हैं। दोनों तरफ से २-२ घंटे बैरियर को खोला जाएगा। मार्ग को वन-वे करते हुए एसपी सदानंद कुमार ने बताया कि सीतापुर की तरफ से आने वाले सभी वाहनों को मंगारी के पास पहले रोका जाएगा।
इसके बाद उन्हें अंबिकापुर की तरफ रवाना किया जाएगा। यह बैरियर दो घंटे के लिए खोला जाएगा। इस दौरान अंबिकापुर की तरफ से आने वाले सभी वाहनों को लमगांव बेरियर के समीप रोक दिया जाएगा। दो घंटे बाद मंगारी बैरियर को बंद कर दिया जाएगा। इसके बाद लमगांव बैरियर को खोल दिया जाएगा और अंबिकापुर की तरफ से आने वाली वाहनों को रवाना किया जाएगा।
छोटे वाहन परिवर्तित मार्ग से होंगे रवाना
एसपी ने कहा कि सभी छोटे वाहन रघुनाथपुर के पास ग्राम बरगीडीह के समीप से परिवर्तित मार्ग से होकर गुजरेंगे। इस मार्ग से कोई भी भारी वाहन प्रवेश नहीं करेगा। इसपर नजर रखने के लिए पुलिस द्वारा दिनभर पेट्रोलिंग की जाएगी। उन्होंने अंबिकापुर से जशपुर व रांची जाने वाले मालवाहक वाहनों को कुसमी, शंकरगढ़ की तरफ से ले जाने के निर्देश दिए।
धीमी गति से गड्ढा भरने पर एनएच के अधिकारियों की ली क्लास
एनएच द्वारा मार्ग की स्थिति को देखते हुए काफी किरकिरी होने पर सड़क की मरम्मत के लिए हाइवा लगाया गया है। इसकी वजह से भी जाम की स्थिति निर्मित हो रही है। एसपी ने हाइवा को हटाकर ट्रैक्टर लगाने के निर्देश दिए। इसके साथ ही गड्ढा भरने की गति में तेजी लाने को कहा और अधिक श्रमिक लगाने को भी कहा।
Published on:
01 Aug 2018 09:45 pm
बड़ी खबरें
View Allअंबिकापुर
छत्तीसगढ़
ट्रेंडिंग
