
Swindle
अंबिकापुर. Jwellery loot: शहर के पुराना बस स्टैंड स्थित मुख्य डाकघर के पास रविवार की शाम को 2 चालबाजों ने एक महिला का पूजा-पाठ कराने के नाम पर सोने के जेवरात व 12 सौ रुपए ठग लिए। पहले चालबाजों ने 7 दिन के भीतर घर में बड़ा नुकसान होने की बात कह महिला को डरा दिया। इसके बाद पूजा-पाठ कराकर समस्या का समाधान कराने की बात कही। महिला से उसके सारे जेवर उतरवाकर एक मोजे में रखवा लिया। महिला ने जेवर भतीजी को दिया। इसके बाद ठगों ने उसे बिना पीछे मुड़े चलने को कहा और भतीजी के हाथ से जेवर से भरा मोजा लेकर फरार हो गए। पीडि़त महिला ने मामले की रिपोर्ट कोतवाली में दर्ज कराई है। पुलिस अज्ञात के खिलाफ अपराध दर्ज कर मामले की जांच शुरु कर दी है।
सूरजपुर निवासी निशा अग्रवाल ५२ वर्ष अपने मायके अंबिकापुर स्थित डीसी रोड आई हुई है। रविवार को वह अपनी भतीजी के साथ खरीदारी करने पुराना बस स्टैंड गई थी। इस दौरान मुख्य डाकघर के समीप १ अज्ञात व्यक्ति आया और आंख के डॉक्टर के बारे में महिला से पूछने लगा।
इसी बीच एक और व्यक्ति वहां आ गया और बातचीत करने लगा। व्यक्ति ने महिला को कहा कि 7 दिन के अंदर आपके घर में कुछ बड़ा नुकसान होने वाला है। अगर इस समस्या से छुटकारा पाना चाहते हैं तो पूजा-पाठ करना पड़ेगा।
जेवर उतरवाकर मोजे में रखवाया
बातचीत करते सभी साथ-साथ चल रहे थे। उन्होंने पूजा के नाम पर महिला से कहा कि आप अपनी नाक के जेवर को छोडक़र बाकी सभी जेवर को उतार कर अपने पर्स में रख लो।
महिला के पास पर्स नहीं होने के कारण वह अज्ञात व्यक्ति के झांसे में आकर सोने की चेन, सोने के कंगन, तुलसी की माला व 1200 रुपए अपने पास रखे नए मोजे में रख दी और उक्त मोजे को अपनी भतीजी को दे दी।
भतीजी के हाथ से जेवर लूटकर हुए फरार
इस दौरान ठगों ने महिला को कहा कि बिना पीछे देखे 20 कदम आगे चलते रहिए। महिला कुछ ही दूर गई थी कि तभी दोनों ठगों ने महिला की भतीजी के हाथ से जेवर से भरा मोजा लेकर फरार हो गए।
महिला ने मामले की रिपोर्ट कोतवाली में दर्ज कराई है। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ धारा 420 व 34 के तहत अपराध दर्ज कर मामले की जांच शुरु कर दी है।
Published on:
16 Jan 2023, 9:10 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.