
MP Kamalbhan Singh
अंबिकापुर. सूरजपुर के भाजपा जिला मंत्री ललित गोयल ने कार्यकर्ताओं द्वारा सांसद कमलभान सिंह को सुनाई गई खरी-खोटी को व्हाट्सएप पर शेयर कर दिया था। इस मैसेज को जब सांसद ने देखा तो उन्होंने अपना आपा खो दिया। इसके बाद सांसद ने ललित गोयल को कॉल किया और उक्त मामले को लेकर भद्दी-भद्दी गालियां देनी शुरु कर दीं।
ऑडियो में सांसद द्वारा दी गई गालियां का हम उल्लेख भी नहीं कर सकते। उन्होंने कहा कि मेरी बात रिकॉर्ड कर लो। तुमने मेरा अपमान किया है, इसके लिए मेरे बेटे और बेटियां तुम्हे 10 जूते मारेंगे। इस दौरान भाजपा नेता उनसे गलती की क्षमा मांगता रहा लेकिन सांसद उसे धमकाते रहे। सांसद द्वारा कहीं गई पूरी बातों की 12 मिनट 35 सेकेंड की ऑडियो रिकॉर्डिंग पत्रिका के पास मौजूद हैं।
गौरतलब है कि सूरजपुर जिले में पिछले दिनों आयोजित भाजपा की स्थापना दिवस कार्यक्रम के दौरान कुछ कार्यकर्ताओं ने आपस में ही सांसद कमलभान सिंह के खिलाफ बातचीत की थी। उन्होंने कहा था कि जनसंपर्क पदयात्रा में सांसद कहीं दिखाई नहीं दिए। इस बात को सूरजपुर भाजपा जिला मंत्री ललित गोयल ने व्हाट्सएप पर शेयर कर दिया था।
इसका पता चलते ही सांसद ने भाजपा नेता को कॉल किया और गंदी-गंदी गालियां दीं। इसका ऑडियो भी वायरल कर दिया गया। पत्रिका के हाथ जो ऑडियो लगा है उसमें सांसद ने कहा है कि मुझे अपमानित क्यों किया। कॉल रिकॉर्ड होगा तो कर लो। जो चीजें तुमने व्हाट्सएप पर शेयर की हैं उसके लिए मेरा खून तुझे नहीं छोड़ेगा, मेरा बेटा तुम्हे जूते मारेगा।
मेरी 100 बेटियां हैं वे भी जूते मारेंगीं। अगर मेरा बेटा ऐसा नहीं करता है तो कमलभान सिंह का नाम नहीं। इस दौरान ललित गोयल ने कहा कि उनकी औकात उनसे लडऩे की नहीं है। यदि मारना ही है तो वह स्वयं उनके पास आ जा रहे हैं, जितना मारना हैं मार लें।
इस पर कमलभान सिंह ने गालियां देते हुए कहा कि तुझे आने की जरुरत नहीं है। तुझे खोजकर मारेंगे। 12 मिनट 35 सेकेंड के इस ऑडियो में दोनों के बीच काफी बातचीत हुईं हैं। अंत में सांसद भाजपा नेता को आप कहकर संबोधित कर रहे हैं।
कॉल रिकॉर्ड करना है तो कर लो
सांसद ने कहा कि तुझे मेरा कॉल रिकॉर्ड करना है तो कर लो, तेरा भी बहुत सारा रिकॉड मेरे पास है कि तुने क्या-क्या किया है। तुमने सभी नेताओं को गालियां दी हैं। भाजपा नेता के यह कहने पर कि मुझे गोली मार दीजिए। इस पर सांसद ने कहा कि गोली मारकर जेल थोड़ी जाना है, तुझे जूते मारेंगे।
मुख्यमंत्री को क्यों नहीं बोले
ऑडियो में सांसद का संवाद है कि मैं आदिवासी और सीधा-सादा नेता हूं, इसलिए तुमने मेरे खिलाफ ऐसा कर दिया। यदि तुझमे दम है तो मंत्री और मुख्यमंत्री को बोलकर दिखाते।
टिकट तो मेरा पक्का है
सांसद ने कहा कि तुम्हारे कहने से कुछ थोड़ी हो जाएगा। टिकट तो मेरा पक्का है। चाहे सांसद के लिए मिले या विधायक के लिए। ये दोनों नहीं मिला तो संगठन में बैठ जाऊंगा।
सांसद के पुत्र ने किया था हंगामा
पिता के संबंध में उक्त बातें सुनने के बाद सांसद का पुत्र दो गाडिय़ों में युवकों के साथ सोमवार की रात बिश्रामपुर पहुंचा था। उसने पुलिस अधिकारियों के सामने ललित गोयल को ललकारा था। एसपी की समझाइश के बाद मामला शांत हो गया था।
गुस्से में कह दिया ये सब
सांसद कमलभान सिंह ने पत्रिका से बातचीत के दौरान कहा कि मैं फोन पर इस संबंध में कोई बात नहीं करूंगा। मेरा ललित गोयल से कोई पारिवारिक विवाद नहीं है। व्हाट्सएप पर लिखी बात देखकर गुस्से में इतना कुछ कह गया।
स्वीच ऑफ था मोबाइल
इस संबंध में जिला मंत्री ललित गोयल से बातचीत करने उनके दोनों नंबर पर कॉल किया गया लेकिन ये नंबर स्वीच ऑफ थे।
Published on:
11 Apr 2018 06:00 pm
