अंबिकापुर. 4 Newborn death case: मेडिकल कॉलेज अस्पताल में रविवार की रात 4 नवजात बच्चों की मौत से प्रदेशभर में हडक़ंप मच गया है। इस मामले की जांच के लिए सरकार ने 4 सदस्यीय टीम का गठन किया है। यह टीम कुछ ही देर में मेडिकल कॉलेज अस्पताल में जांच के लिए पहुंच जाएगी। सूत्रों के अनुसार टीम का गठन स्वास्थ्य सचिव आर. प्रसन्ना के नेतृत्व में किया गया है। जांच टीम में पीडब्ल्यूडी के 2 अधिकारी, एक पेडियाट्रिक व एक साइकाइट्रिक शामिल हैं। वहीं नवजातों की मौत की खबर जैसे ही स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव (CG Health Minister) को लगी, वे भी रायपुर से अंबिकापुर के लिए रवाना हो गए हैं। दोपहर करीब 2.30 बजे तक उनके यहां पहुंचने की संभावना जताई जा रही है।