अंबिकापुर. स्वास्थ्य व्यवस्था सुधारने के लिए शासन द्वारा हरसंभव कोशिश की जा रही है। इसी बीच प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव ने गुरुवार को रायपुर में स्वास्थ्य व्यवस्था को लेकर एक अहम बैठक ली। इसमें स्वास्थ्य सचिव, डीएमई व प्रदेश के सभी मेडिकल कॉलेज के डीन व एमएस शामिल रहे। बैठक में चिकित्सकों की ड्यूटी को लेकर अहम निर्णय लिया गया है। अब मेडिकल कॉलेज अस्पताल के चिकित्सकों की ड्यूटी सुबह 9 से शाम 5 बजे तक रहेगी। इससे पूर्व सुबह 8 से 2 बजे तक ओपीडी संचालित था। स्वास्थ्य मंत्री के इस आदेश से मेडिकल कॉलेज अस्पताल के डॉक्टरों में खलबली है। कई चिकित्सकों के निजी प्रैक्टिस पर भी इसका असर पड़ेगा।