
Auto driver in police station
अंबिकापुर. एक ऑटो चालक ने कोतवाली पुलिस पर हवालात में बंद कर बेरहमी से पीटने का आरोप लगाया है। पुलिस ने गुरुवार को पर्स चोरी के आरोप में उसे पूछताछ के लिए कोतवाली बुलाया था। इस दौरान पुलिस ने उस पर 151 के तहत कार्रवाई भी कर दी थी। ऑटो चालक ने शनिवार को कोतवाली पहुंच कर वहीं के एक पुलिसकर्मी पर मारपीट करने व धमकी देने का आरोप लगाया है।
सूरजपुर जिले के नारायणपुर निवासी 25 वर्षीय दिनेश साहू अंबिकापुर के भट्ठी रोड में रहकर ऑटो चलाने का काम करता है। गुरुवार को एक महिला उसकी ऑटो में बैठकर मेडिकल कॉलेज अस्पताल गई थी। इसके बाद महिला ने ऑटो चालक को गुदरी बाजार चलने के लिए कहा।
यहां से खरीदारी के बाद उसने चालक को घर तक छोडऩे के लिए कहा। इस पर चालक ने महिला को बंगाली चौक तक उसे छोड़ दिया। शाम को महिला ने ऑटो चालक के मोबाइल पर कॉल कर कहा कि उसका पर्स उसके ऑटो में छूट गया है। इस पर चालक ने कहा कि मैं किसी पर्स के संबंध में कुछ नहीं जानता हूं।
महिला ने इसकी शिकायत ऑटो चालक दिनेश के खिलाफ कोतवाली में दर्ज करा दी। महिला की शिकायत पर पुलिस रात में ही ऑटो चालक को हिरासत में ले लिया और कोतवाली ले आए।
पूछताछ के दौरान की पिटाई
कोतवाली में पुलिस पर्स के संबंध में ऑटो चालक से पूछताछ करने लगी। इस दौरान एक पुलिसकर्मी ने उसकी बेरहमी से पिटाई कर दी। वह कहता रहा कि उसने पर्स नहीं रखा है फिर भी पुलिस ने उसकी एक न सुनी। यही नहीं इसके बाद उसके खिलाफ १५१ की कार्रवाई भी कर दी गई।
एसपी से शिकायत करने पहुंचा
पीडि़त ऑटो चालक ने बिना किसी कसूर के बेरहमी से पिटाई की शिकायत करने एसपी कार्यालय पहुंचा था। एसपी से मुलाकात नहीं होने के कारण वह पुन: परिजन के साथ कोतवाली पहुंच कर शिकायत दर्ज कराने गया। इस दौरान पुलिसकर्मियों ने उसे डराने की कोशिश की। काफी मशक्कत के बाद पुलिस ने पीडि़त का मेडिकल कराने की बात कही।
भाजयुमो पदाधिकारी भी पहुंचे थाने
घटना की जानकारी मिलने पर भाजयुमो के कुछ पदाधिकारी कोतवाली पहुंचे। उन्होंने थाना प्रभारी से मामले की जांच कराने की बात कही। उनके कहने पर पुलिसकर्मी के खिलाफ शिकायत भी दर्ज की गई। इधर थाना प्रभारी ने जांच कर दोषी के खिलाफ कार्रवाई करने का आश्वासन दिया है।
Updated on:
15 Sept 2018 08:17 pm
Published on:
15 Sept 2018 08:17 pm
