
Ruckus in Ganesh statue procession
अंबिकापुर. Police seized DJ: शहर के भाथूपारा के श्रद्धालु शनिवार की देर शाम डीजे की धुन पर भगवान गणेश की प्रतिमा विसर्जन करने जा रहे थे। इसी दौरान पुलिसकर्मियों ने डीजे बंद करवाकर उसे जब्त कर लिया। पुलिस की इस कार्रवाई से नाराज श्रद्धालुओं ने रिंग रोड पर चक्काजाम कर दिया। इससे सडक़ पर वाहनों की लंबी लाइन लग गई। श्रद्धालुओं का कहना था कि डीजे बजाने के परमिशन को लेकर पुलिस ने उनके साथ गाली-गलौज व हाथापाई की। काफी देर बाद पुलिस की समझाइश से मामला शांत हुआ।
शहर के भाथूपारा के लोग शनिवार की शाम करीब 7 बजे गणेश प्रतिमा का विसर्जन करने बिलासपुर चौक से होते हुए संत गहिरा गुरु आश्रम की ओर जा रहे थे। इस दौरान तेज आवाज में डीजे भी बज रहा था।
इसी दौरान वहां पहुंची पुलिस ने डीजे को बंद करवाकर जब्त कर लिया। इससे स्थानीय लोग आक्रोशित हो गए और कार्रवाई के विरोध में रिंग रोड संत गहिरा गुरु आश्रम के पास चक्काजाम कर दिया।
चक्का जाम के दौरान लोगों ने जमकर नारेबाजी की। चक्काजाम के कारण बिलासपुर चौक से लेकर दूसरी ओर भारत माता चौक तक वाहनों की लंबी कतार लग गई। सूचना पर पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और मामले को किसी तरह शांत करवाया।
श्रद्धालुओं का ये था कहना
पुलिस द्वारा डीजे जब्त करने से श्रद्धालु नाराज दिखे। विसर्जन यात्रा में शामिल उरांव समाज के उपाध्यक्ष बनाफर राम ने बताया कि सबने मिलकर भगवान गणेश की प्रतिमा स्थापित की थी।
विसर्जन करने जाने के दौरान पुलिस ने डीजे जब्त कर लिया। डीजे बजाने का परमिशन नहीं लिए जाने को लेकर पुलिस द्वारा उनसे गाली-गलौज की गई।
उन्होंने बताया कि हमने पुलिस से निवेदन किया कि डीजे बजाने की अनुमति नहीं लेने की गलती हमसे हुई है, लेकिन वे नियमानुसार 10 बजे से पहले प्रतिमा का विसर्जन कर देंगे, लेकिन पुलिस नहीं मानी।
Published on:
30 Sep 2023, 9:56 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.