
Amit Shah
अंबिकापुर. छत्तीसगढ़ में चौथी बार सरकार बनाने के लिए भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने खुद कमान संभाल ली है। यही वजह है कि प्रदेश में सरकार बनाने में सरगुजा की अहम भूमिका के मद्देनजर संभाग की 14 सीट पर संगठन ने पूरी ताकत झोंक दी है। इस बार संगठन किसी भी सीट को हल्के में लेने की स्थिति में नहीं है।
इसका अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि चार माह के भीतर ही राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह दोबारा अंबिकापुर आ रहे हैं। पार्टी सूत्रों की मानें तो वे 7 अक्टूबर को संभाग मुख्यालय में चुनाव के मद्देनजर एक बड़ी बैठक कर हर एक सीट का आंकलन कर कार्यकर्ताओं को जीत का मंत्र देंगे।
उनके दौरे से पहले भाजपा के राष्ट्रीय सह संगठन मंत्री सौदान सिंह 27 से 29 सितंबर 3 दिन तक अंबिकापुर में रहकर हर एक सीट पर पार्टी की स्थिति का रिपोर्ट कार्ड तैयार करेंगे। पार्टी सूत्रों की मानें तो राष्ट्रीय सह संगठन मंत्री तीन दिन में 14 विधानसभा सीट के दावेदारों की भी स्थिति को भांप लेंगे और फिर टिकट का एक खाका भी तैयार हो जाएगा।
संगठन की पूरी कोशिश है कि नेता प्रतिपक्ष टीएस सिंहदेव के प्रभाव वाले अविभाजित सरगुजा की हारी हुई ७ सीट भी किसी तरह अपनी झोली में डाली जा सके।
भारतीय जनता पार्टी द्वारा प्रदेश में चौथी बार सरकार बनाने के लिए मिशन 65 प्लस का लक्ष्य निर्धारित किया है। इसे लेकर भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष काफी गम्भीर हैं। पिछले दिनों भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने रायपुर में प्रदेश के सभी बूथ स्तर व शक्ति केंद्र के कार्यकर्ताओं की बैठक लेकर उन्हें विधानसभा चुनाव के लिए तैयार रहने को कहा है।
रायपुर कार्यक्रम के कुछ दिनों बाद ही भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह एक बार फिर से अंबिकापुर पहुंच रहे हैं। अभी तक इसकी पार्टी स्तर पर आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
लेकिन सूत्रों की मानें तो संगठन स्तर पर भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष के संभाग स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन में पहुंचने की तैयारियां अभी से शुरू कर दी गई है। सूत्रों के अनुसार भाजपा संगठन द्वारा अमित शाह के कार्यक्रम को ध्यान में रखते हुए अभी से सारी कवायद शुरू कर दी गई है।
कांग्रेस को घेरने की बनेगी रणनीति
सरगुजा संभाग में वर्तमान में कांग्रेस के खाते में 7 विधानसभा सीट हैं। इसमें से सरगुजा की तीनों व सूरजपुर की दो व बलरामपुर की दो सीट पर कांग्रेस का कब्जा है। जबकि कोरिया की तीन सीट पर भाजपा व सूरजपुर की एक सीट पर भाजपा व जशपुर की तीन सीट पर भारतीय जनता पार्टी का कब्जा है।
भाजपा सरगुजा संभाग में कांग्रेस को घेरने की तैयारी कर रही है। संगठन की कोशिश है कि नेता प्रतिपक्ष टीएस सिंहदेव की सरगुजा की सीटों पर प्रभाव की काट निकालकर जीत हासिल की जा सके।
जल्द ही की जाएगी पुष्टि
भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह संभाग स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन में 7 अक्टूबर को शामिल हो सकते हैं। इससे पूर्व राष्ट्रीय संगठन मंत्री सौदान सिंह 27 से 29 सितम्बर तक सरगुजा के दौरे पर रहेंगे। इसकी पुष्टि जल्द ही संगठन स्तर पर कर दी जाएगी।
अनुराग सिंहदेव, भाजपा प्रदेश मंत्री
Updated on:
25 Sep 2018, 2:19 PM IST
Published on:
25 Sep 2018, 2:19 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.