
Medical college hospital
अंबिकापुर. मेडिकल कॉलेज अस्पताल के हर विभाग में बिचौलिए सक्रिय हैं। अब अस्पताल में पोस्टमार्टम करने के लिए डॉक्टरों के नाम पर भी रुपए उगाही की काम की जा रही है। ऐसा ही एक मामला गुरुवार को अस्पताल में सामने आया, जहां एक मृत महिला के बेटे ने पीएम करने के लिए 1 हजार रुपए लेने की शिकायत की।
शिकायत के बाद अस्पताल अधीक्षक ने पीएम करने वाले डॉक्टर को बुलाकर पूछा तो उन्होंने रुपए लेने की बात से इनकार कर दिया। वहीं शिकायतकर्ता ने भी उक्त डॉक्टर की जगह दूसरे को रुपए देने की बात कही। इससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि यहां बिचौलिए सक्रिय हैं।
सरगुजा जिले के लखनपुर विकासखंड स्थित ग्राम गुमगरा निवासी 47 वर्षीय सोना बाई पति हीरा राम गोंड़ ने 4 जुलाई को जहर सेवन कर लिया था। परिजन द्वारा उसे मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इसी बीच इलाज के दौरान गुरुवार की सुबह उसकी मौत हो गई। सोना बाई की मौत के बाद उसका पोस्टमार्टम किया जाना था। उसे पोस्टमार्टम हाउस ले जाया गया।
यहां उसके बेटे से वहां के कथित डॉक्टर ने पीएम करने के नाम पर 1 हजार रुपए की मांग की। डॉक्टर की बात सुनकर बेटे ने किसी अन्य से 1 हजार रुपए उधार लिए तथा उसे दे दिए। इसके बदा उसकी मां का पोस्टमार्टम हुआ।
इसकी जानकारी जब वहां मौजूद अन्य लोगों को हुई तो युवक के साथ उन्होंने तत्काल पीएम के नाम पर अवैध वसूली किए जाने की शिकायत अस्पताल अधीक्षक डॉ. एके जायसवाल से की। शिकायत के बाद डॉ. एके जायसवाल ने मृतिका के बेटे को अपने कक्ष में बुलाया। उन्होंने पीएम करने वाले डॉ. महेश को भी वहां बुलवाया और मृतिका के बेटे से पहचान करने कहा।
इस पर युवक ने कहा कि ये वे डॉक्टर नहीं हैं जिन्हें उसने रुपए दिए हैं। बाद में पता चला कि अस्पताल में सक्रिय किसी बिचौलिए ने ठगी कर पीएम के नाम पर रुपए वसूल लिए हैं।
थाने में की जाएगी शिकायत
अज्ञात बिचौलिए के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। इसकी शिकायत भी पुलिस विभाग से की जाएगी।
डॉ. एके जायसवाल, अधीक्षक मेडिकल कॉलेज अस्पताल
Published on:
6 Jul 2018, 6:01 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.